सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबईकरों को इन दिनों साफ हवा में सांस लेना भी मुश्किल होता जा रहा है। दिवाली के बाद शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है, वहीं अब हवा में जलते डीजल और मिट्टी के तेल जैसी अजीब गंध ने नई चिंता खड़ी कर दी है। अभिनेत्री जूही चावला ने सोशल मीडिया पर इस समस्या को उठाते हुए सवाल किया है कि आखिर मुंबई की हवा में यह गंध कहां से आ रही है? उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से सुबह ही नहीं, बल्कि दिन के अलग-अलग समय में भी उन्हें यह गंध महसूस हो रही है। सवाल है कि जब आम नागरिकों को भी ऐसी परेशानी हो रही है, तो प्रदूषण नियंत्रण के लिए जिम्मेदार सरकारी एजेंसियां आखिर क्या कर रही हैं?
जूही चावला ने `एक्स’ पर पोस्ट कर पूछा कि क्या दूसरे लोगों को भी हवा में जले हुए र्इंधन जैसी गंध महसूस हो रही है? उनका यह सवाल ऐसे समय आया है, जब मुंबई की हवा की गुणवत्ता लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, ९ नवंबर को मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) १७१ था, जो १३ नवंबर को १५४ दर्ज किया गया। शहर के आठ निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। दिवाली के दौरान पटाखों के कारण आग लगने की घटनाओं ने भी मुंबई की परेशानी बढ़ाई। दमकल विभाग के मुताबिक, ६ से ९ नवंबर के बीच आग लगने की २८२ शिकायतें मिलीं। इनमें २०० घटनाएं पटाखों से जुड़ी थीं। ८ नवंबर को अकेले १४२ शिकायतें दर्ज हुर्इं, जिनमें १३७ पटाखों के कारण थीं। इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत भी हुई।
मुंबईकरों की सांसों से खिलवाड़ कब तक?
प्रदूषित हवा से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे में सिर्फ प्रतिबंध और चेतावनी जारी करना पर्याप्त नहीं है। क्या सरकार और बीएमसी हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए जवाबदेह कार्रवाई करेंगी या मुंबईकरों को इसी जहरीली हवा के भरोसे छोड़ दिया जाएगा?
