-वाकोला-जोगेश्वरी में दो वरिष्ठ नागरिकों से ७.४१ लाख रुपये की ठगी
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में साइबर ठगी के मामले लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। अब बेखौफ साइबर अपराधियों ने पेंशनधारक वरिष्ठ नागरिकों को निशाना बनाने के लिए केंद्र सरकार की ‘जीवन प्रमाण’ योजना को ही ठगी का हथियार बना लिया है। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने के नाम पर बुजुर्गों के बैंक खातों पर डाका डाला जा रहा है। मुंबई के वाकोला और जोगेश्वरी में सामने आए दो मामलों में साइबर ठगों ने दो वरिष्ठ नागरिकों से कुल ७ लाख ४१ हजार ७४ रुपये उड़ा लिए। इन घटनाओं ने डिजिटल सुविधाओं की आड़ में सक्रिय साइबर अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को उजागर कर दिया है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार की ओर से १ से ३० नवंबर २०२६ तक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बैंकों, डाकघरों और विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से पेंशनधारकों को ऑनलाइन जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने में सहायता दी जा रही है। इसी सरकारी सुविधा का फायदा उठाकर ठग बुजुर्गों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।
वाकोला में ८० वर्षीय बुजुर्ग को लगाया चूना
पहली घटना वाकोला की है। यहां ८० वर्षीय सेवानिवृत्त बुजुर्ग को एक व्यक्ति ने बैंक प्रतिनिधि बनकर फोन किया। उसने व्हॉट्सऐप पर जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन अपडेट करने के बहाने एपीके फाइल भेजी। बुजुर्ग के फाइल डाउनलोड करते ही साइबर अपराधियों ने बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर उनके खाते से १ लाख ४१ हजार ९६० रुपये निकाल लिए।
जोगेश्वरी में ५.९९ लाख की सेंधमारी
दूसरी घटना जोगेश्वरी की है, जहां ७५ वर्षीय सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी को फेसबुक पर बैंक के नाम से दिए गए फर्जी विज्ञापन के जरिए निशाना बनाया गया।
