-सुप्रिया सुले की भाजपा को दो टूक, विलीनीकरण की अटकलों पर विराम
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में अजीत पवार गुट के विलय और सत्ता में शामिल होने को लेकर चल रही अटकलों पर सांसद सुप्रिया सुले ने दो टूक जवाब देकर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि न तो उनकी पार्टी का विलय होने जा रहा है और न ही भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने का कोई सवाल है। उनके इस बयान से महायुति की राजनीतिक रणनीति और संभावित सियासी समीकरणों को बड़ा झटका लगा है।
सुप्रिया सुले ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जब तक उनके भाई अजीत पवार जीवित थे, तब तक दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी। यहां तक कि विलय की तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन अजीत पवार के निधन के बाद उनके मन और उनकी पार्टी में इस विषय पर पूरी तरह विराम लग चुका है। उन्होंने साफ कहा कि अजीत पवार गुट की ओर से विलय को लेकर उन्हें कोई फोन, संदेश, पत्र या ईमेल नहीं मिला है। किसी ने उनसे इस संबंध में मुलाकात भी नहीं की। एनडीए में शामिल होने की चर्चा को भी उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। सुले ने कहा कि उनके और अजीत पवार के बीच रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि प्रेम और आत्मीयता का था।
