-अब भीख मांगों आंदोलन की चेतावनी
-कूपर अस्पताल के लगभग २२५ रेजिडेंट डॉक्टरों ने स्टाइपेंड में देरी पर जताई नाराजगी
-हर महीने की किस्तें और घरेलू खर्च प्रभावित
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई महानगरपालिका के अस्पतालों में सेवाएं देने वाले रेजिडेंट डॉक्टरों ने मासिक स्टाइपेंड मिलने में बार-बार देरी पर आंदोलन की चेतावनी दी है। विलेपार्ले स्थित डॉ. आर.एन. कूपर अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि नियमित भुगतान नहीं होने से उनके बैंक ऋण की किस्तें, किराया और पारिवारिक खर्च प्रभावित हो रहे हैं।
महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स की कूपर इकाई के अध्यक्ष मयूर चौधरी के अनुसार, अस्पताल में लगभग २२५ रेजिडेंट डॉक्टर कार्यरत हैं। डॉक्टरों को सामान्यत: ९० हजार रुपये से अधिक मासिक स्टाइपेंड मिलता है, लेकिन भुगतान कई बार महीने की दस से पंद्रह तारीख के बीच होता है।
डॉक्टरों का आरोप है कि अन्य नियमित कर्मचारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर वेतन मिल जाता है, जबकि उन्हें बार-बार इंतजार करना पड़ता है। कुछ डॉक्टरों ने दिवाली के बाद भुगतान मिलने पर भी नाराजगी व्यक्त की। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे भीख मांगों आंदोलन शुरू कर सकते हैं।
रेजिडेंट डॉक्टरों का कहना है कि अस्पतालों में मरीजों की देखभाल की बड़ी जिम्मेदारी उन्हीं पर होती है। अब सवाल है कि नियमित चिकित्सा सेवाएं देने वाले डॉक्टरों को अपना निर्धारित भुगतान प्राप्त करने के लिए आंदोलन की चेतावनी क्यों देनी पड़ रही है?
