-नॉर्वे की पत्रकार का वीजा रद्द करने पर विपक्ष के निशाने पर केंद्र
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
लोकतंत्र में सवाल पूछना पत्रकार का अधिकार है और सरकार की जवाबदेही तय करना विपक्ष का काम। लेकिन जब सवालों से असहज होकर पत्रकारों का रास्ता रोकने और विदेशी मेहमानों के वीजा रद्द करने के आरोप लगें तो लोकतंत्र की मजबूती पर सवाल उठना लाजिमी है। हैदराबाद में आयोजित भारत समिट को लेकर मोदी सरकार एक बार फिर विपक्ष के निशाने पर है। नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग स्वेन्सेन का वीजा यात्रा से महज दस मिनट पहले रद्द किए जाने के मामले ने विवाद को और हवा दे दी है।
खास बात यह है कि इसी पत्रकार ने मई में ओस्लो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों के सवालों का सामना करने को लेकर सवाल पूछा था। अब उन्हें हैदराबाद में मीडिया और प्रेस की आजादी पर आयोजित चर्चा में हिस्सा लेने आना था, लेकिन उनका वीजा रद्द कर दिया गया। इस घटनाक्रम पर नॉर्वे के संपादक संगठनों ने भी भारतीय दूतावास को पत्र लिखकर चिंता जताई है।
विवाद केवल एक पत्रकार तक सीमित नहीं है
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें सवालों से असहज होने वाला तानाशाह बताया। वहीं, एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने पत्रकार का वीजा रद्द करने पर चिंता जताते हुए इसे नौकरशाही की मनमानी करार दिया और सरकार से फैसले का कारण सार्वजनिक करने की मांग की। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने सफाई में कहा कि वीजा देना या रद्द करना हर देश की संप्रभु शक्ति है। सवाल यह है कि यदि सब कुछ नियमों के मुताबिक हुआ तो पहले मंजूरी देने के बाद आखिरी समय पर वीजा रद्द करने की नौबत क्यों आई। क्या सरकार को विदेशी पत्रकारों के सवालों का डर है या फिर आलोचना की हर आवाज को रोकने की कोशिश हो रही है?
भारत में अब लोकतंत्र नहीं रहा!
देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। हैदराबाद में आयोजित भारत समिट २०२६ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत अब लोकतंत्र नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि २०१४ में ही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। पिछले एक दशक में विपक्ष इस बदलाव को समझने और उसका मुकाबला करने के संकट से गुजरता रहा।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र केवल देश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोकतांत्रिक आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण है। भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत रहना वैश्विक हित में है। लेकिन आज देश की राजनीतिक और आर्थिक व्यवस्था में गंभीर बदलाव दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता, कारोबार और राजनीतिक हितों का गठजोड़ लगातार मजबूत हुआ है।
विदेशी मेहमानों को रोके जाने पर उठाए सवाल
भारत समिट में विदेशी प्रतिनिधियों और वक्ताओं को शामिल होने से रोके जाने का मुद्दा भी राहुल गांधी ने प्रमुखता से उठाया। उन्होंने उन विदेशी नेताओं, पत्रकारों और प्रतिनिधियों से माफी मांगी, जो समिट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किए गए थे, लेकिन भारत नहीं पहुंच सके। राहुल गांधी ने कहा कि भारत सरकार ने उन्हें आने की अनुमति नहीं दी।
उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की गलती नहीं है, लेकिन इससे देश में मौजूदा हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दावा किया था कि समिट के लिए मंजूरी प्राप्त ३१५ वक्ताओं में से ११५ को भारत आने की अनुमति नहीं मिली या उनके वीजा रद्द कर दिए गए। नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग स्वेन्सेन का वीजा भी यात्रा से ठीक पहले रद्द किए जाने का मामला सामने आया है।
इस पर नॉर्वे के पत्रकार संगठनों ने भी सवाल उठाए हैं। इस बीच राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने २०२४ के लोकसभा चुनावों में मतदान करने वाले १४ करोड़ लोगों को लेकर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि बाद में बड़ी संख्या में मतदाताओं को गैर-मौजूद या गैर-मतदाता की श्रेणी में डाल दिया गया।
११५ विदेशी वक्ताओं की एंट्री रोकी, नॉर्वे की पत्रकार का वीजा भी रद्द
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र होने का दावा करने वाली मोदी सरकार पर विदेशी पत्रकारों और प्रतिनिधियों की आवाज दबाने के आरोप लगे हैं। हैदराबाद में आयोजित भारत समिट २०२६ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किए गए विदेशी वक्ताओं को भारत आने की अनुमति नहीं मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दावा किया कि समिट के लिए मंजूरी प्राप्त ३१५ वक्ताओं में से ११५ को भारत आने की अनुमति नहीं मिली या उनके वीजा रद्द कर दिए गए। नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग स्वेन्सेन का वीजा भी यात्रा से ठीक पहले रद्द कर दिया गया।
