मुख्यपृष्ठनए समाचारशिंदे के गढ़ में भाजपा ने दिया झटका ... चुनाव से पहले...

शिंदे के गढ़ में भाजपा ने दिया झटका … चुनाव से पहले ही जीत गए तीन प्रत्याशी!

अब सत्ता के लिए ५८ सीटों की जरूरत
सामना संवाददाता / मुंबई
कल्याण–डोंबिवली महानगरपालिका चुनाव में भाजपा ने शिंदे गुट को झटका देते हुए अपनी जीत का शुभारंभ अलग अंदाज में किया है। शिंदे गुट के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में भाजपा ने चुनाव से पहले ही तीन सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर राजनीतिक बढ़त बना ली है। ऐसे में शिंदे के गढ़ में भाजपा की सेंधमारी से शिंदे बाप-बेटे की चिंता बढ़ गई है। यहां तीन सीटों पर निर्विरोध जीत ने साफ संकेत दे दिए हैं कि शिंदे के गढ़ में भी भाजपा पूरी ताकत के साथ मैदान में है। चुनाव से पहले ही मिली इस हैट्रिक ने केडीएमसी की सियासत को नई दिशा दे दी है और आने वाले दिनों में मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है।
बता दें चुनाव के परिणाम नहीं आए हैं। लेकिन केडीएमसी के वार्ड क्रमांक १८ से रेखा चौधरी और वार्ड क्रमांक २६-क से आसावरी केदार नवरे भाजपा की निर्विरोध नगरसेविका चुनी गईं। इस जीत के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने दोनों विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी और खास बात यह रही कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर दोनों महिला उम्मीदवारों की बात भी करवाई। इसके बाद भाजपा ने तीसरी निर्विरोध जीत दर्ज करते हुए केडीएमसी में हैट्रिक मार ली। वार्ड क्रमांक २६-ब से भाजपा की रंजना मितेश पेणकर भी निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। मुख्यमंत्री ने भी उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं। जिससे शिंदे गुट को मिर्ची लगी है। कुल १२२ सीटों वाली कल्याण–डोंबिवली महानगरपालिका में भाजपा ने चुनाव से पहले ही तीन सीटों पर कब्जा जमा लिया है। अब उसे सत्ता के लिए मात्र ५८ सीटों की जरूरत है।
रविंद्र चव्हाण का गढ़ फिर साबित हुआ मजबूत
यह जीत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के लिए भी खास मानी जा रही है। जिस प्रभाग से वे अपने राजनीतिक जीवन में पहली बार नगरसेवक बने थे, लेकिन बाद में इस इलाके में शिंदे गुट ने कब्जा जमा लिया था। अब फिर से वही इलाका भाजपा का अभेद्य किला साबित हुआ है।

अन्य समाचार