-सैफ अली खान को फिर मिली धमकी
-बॉलीवुड में दहशत का माहौल
-जीशान अख्तर के नाम से दी गई धमकी
सामना संवाददाता / मुंबई
बॉलीवुड एक बार फिर दहशत के साये में है। फिल्मी सितारों को निशाना बनाकर दी जा रही जान से मारने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिलने से फिल्म जगत में हड़कंप मच गया है। इस बार धमकी में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के फरार आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने मुंबई में फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी में जीशान अख्तर का नाम इस्तेमाल किए जाने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि धमकी के पीछे वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह का हाथ है या फिर किसी ने कुख्यात अपराधी के नाम का इस्तेमाल कर दहशत पैâलाने की कोशिश की है। गौरतलब है कि १२ अक्टूबर २०२४ को दादा गुट नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में जीशान अख्तर का नाम सामने आया था और उसके लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से संबंध बताए जाते हैं। ऐसे में सैफ अली खान को उसके नाम से धमकी मिलना पुलिस के लिए जांच का अहम पहलू बन गया है।
इससे पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी। फुटबॉल खेलकर लौटते समय हुई इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गिरोह ने ली थी। वहीं, महानायक अमिताभ बच्चन और अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी जान से मारने की धमकियां मिलने की खबरें सामने आ चुकी हैं।
एक के बाद एक फिल्मी हस्तियों को मिल रही धमकियों ने बॉलीवुड की चिंता बढ़ा दी है। सवाल यह है कि आखिर अपराधी गिरोहों के नाम पर दहशत फैलाने वालों पर पुलिस कब पूरी तरह शिकंजा कसेगी? सितारों की सुरक्षा के लिए एक्स श्रेणी की सुरक्षा देने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है। फिलहाल सैफ अली खान को मिली धमकी के पीछे की असल साजिश का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
