सामना संवाददाता / मुंबई
नई मुंबई में चेन चोरों में पुलिस का खौफ बिल्कुल भी नहीं रह गया है। यही कारण है कि एक ही दिन में चोरों ने दो सोने की चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। दोनों ही घटनाएं रात में हुईं और दोनों में अपराध का तरीका एक जैसा था। एक घटना में, एक महिला से उस समय सोने की चेन छीन ली गई जब वह एक रिक्शा चालक को पैसे दे रही थी, जबकि दूसरी घटना में दोपहिया वाहन पर उसके पीछे बैठे एक व्यक्ति ने सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। दोनों ही घटनाओं में १० लाख रुपए से अधिक दो सोने की चेन और एक मंगलसूत्र की चोरी हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाशी सेक्टर-१२ स्थित शगुन सोसाइटी में रहनेवाली पद्मा येचुरी काम के लिए घर से निकली थीं। काम खत्म करने के बाद वह रिक्शा से घर लौटीं। आवासीय सोसाइटी के प्रवेश द्वार पर रिक्शा से उतरकर वो रिक्शा चालक को पैसे दे रही थीं कि उसी समय दोपहिया वाहन पर दो लोग आए और पद्मा के गले से ५ लाख रुपए कीमत का ५५ ग्राम का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। यह घटना बुधवार रात करीब ८:३० बजे हुई और इस संबंध में वाशी पुलिस स्टेशन में रात ११:३० बजे दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है।
दूसरी घटना तुर्भे एमआईडीसी पुलिस स्टेशन अंतर्गत कल गुरुवार की रात डेढ़ बजे की है। डोंबिवली निवासी उषा चौगुले नई मुंबई के म्हापे में काम से गई थीं। अपना काम पूरा करने के बाद वह दूसरी जगह जाने के लिए रिक्शा में बैठ रही थीं उसी समय एक बाइक उनके सामने रुकी और बाइक पर बैठे युवक ने उषा के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र खींचकर फरार हो गया। चार तोले सोने की चेन की कीमत ३ लाख ८० हजार रुपए और डेढ़ तोले के मंगलसूत्र की कीमत १ लाख ४ हजार ५०० रुपए बताई जाती है। इस प्रकार चोर कुल ५ लाख २२ हजार ५०० रुपए के जेवरात छीन ले गए। उक्त दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आगे मामले की जांच जारी है।
