मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति में राडा...शिंदे-दादा गुट में जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर... धाराशिव में...

महायुति में राडा…शिंदे-दादा गुट में जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर… धाराशिव में तानाजी के कार्यकर्ताओं की बुरी तरह पिटाई

-आधी रात में हुई भिड़ंत, १५ महंगी गाड़ियां हुई क्षतिग्रस्त

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में सत्ता के लिए एकजुट नजर आने वाली महायुति के भीतर स्थानीय स्तर पर चल रही गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। धाराशिव जिले में सोमवार आधी रात को सत्तारूढ़ महायुति के घटक दल शिंदे गुट और अजीत पवार गुट के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों के बीच जमकर पथराव हुआ और लाठी-डंडे चलने की भी खबर है। इस हिंसक झड़प में करीब १० से १५ महंगी गाड़ियां क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
महायुति के दो घटक दलों के समर्थकों के बीच हुई इस हिंसक झड़प ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सत्ता में भले ही शिंदे गुट और दादा गुट साथ हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच यह टकराव खुलकर जारी है।
यह विवाद शिंदे गुट नेता और पूर्व मंत्री तानाजी सावंत तथा दादा गुट के नेता राहुल मोटे के समर्थकों के बीच पुरानी राजनीतिक अदावत से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता किसी से छिपी नहीं है। विधानसभा चुनाव में राहुल मोटे को हराकर तानाजी सावंत विधायक बने थे। इसके बाद से ही दोनों गुटों के बीच राजनीतिक टकराव लगातार सामने आता रहा है। हालांकि, राज्य में दोनों दल महायुति सरकार का हिस्सा हैं।
सोमवार देर रात अचानक दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। इस दौरान इनोवा, फॉर्च्यूनर और थार जैसी महंगी गाड़ियों सहित करीब १० से १५ वाहनों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी है।
एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज
शिंदे गुट समर्थकों ने आरोप लगाया कि यह पूरा विवाद दादा गुट के नेता राहुल मोटे के इशारे पर किया गया। वहीं सावंत गुट के कार्यकर्ताओं ने पलटवार करते हुए दावा किया कि दादा गुट समर्थकों ने खुद अपनी गाड़ियां क्षतिग्रस्त कीं और इसका आरोप हमारे कार्यकर्ताओं पर लगाया जा रहा है।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कराए जाने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस ने करीब ४५ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

अन्य समाचार