हिमांशु राज
पोलिश-जर्मन अभिनेत्री और मॉडल क्लॉडिया सिएसला, जिन्होंने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत सुपरस्टार अक्षय कुमार की फिल्म “खिलाड़ी 786” से की, आज उस सफर को याद कर भावुक हो जाती हैं। उनका कहना है कि अक्षय कुमार के साथ काम करना उनके कैरियर की सबसे बड़ी परिभाषा थी, जिसने उन्हें ना केवल पहचान दी बल्कि अनुशासन, विनम्रता और लगन की वो सीख दी जो आज भी उनके काम की राह दिखाती है।
क्लॉडिया शेयर करती हैं, “हर प्रोजेक्ट मेरे लिए एक नई सीख लेकर आया है, लेकिन ‘खिलाड़ी 786’ के गाने ‘बलमा’ में काम करना मेरे कैरियर का मील का पत्थर रहा। अक्षय सर के साथ काम करना ऐसा था जैसे मैं किसी मास्टरक्लास में हो। उनकी समय की पाबंदी, मेहनत और विनम्रता ने मुझे हमेशा प्रेरित किया। वह बड़े स्टार होते हुए भी पूरी तरह निर्देशक की बात मानते हैं और इस अनुभव ने मुझे सिखाया कि पेशेवर जीवन में ऐसे गुण कितने महत्वपूर्ण हैं।”
अपने बिग बॉस 3 के अनुभव को भी क्लॉडिया खास मानती हैं। “शुरुआत में मैं हिंदी नहीं समझ पाती थी, लेकिन घर में मुझे मिले प्यार ने मुझे प्रेरित किया कि मैं हिंदी सीखूं। रोजाना दो घंटे भाषा की पढ़ाई की, और धीरे-धीरे मैं उन लोगों से जुड़ पाई, जो मेरे फैंस बने। हिंदी बोल पाना आज मेरे लिए गर्व की बात है क्योंकि इससे मैं अपने दर्शकों के दिलों से जुड़ पाई।”
जब बात अपनी फिल्मों और प्रोजेक्ट्स की आती है, तो क्लॉडिया उन कहानियों की तलाश में रहती हैं जो दिल और दिमाग दोनों को छू जाएं। “मुझे वो किरदार पसंद हैं जिनमें गहराई हो, जिनमें कई रंग हों और जो दर्शकों के दिल में कुछ छाप छोड़ें। अभिनय मेरे लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है कि मैं अपनी कला से लोगों को प्रेरित कर सकूं।”
क्लॉडिया का कहना है कि अभिनय एक सफर है जो सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव भी लाने की ताकत रखता है। अक्षय कुमार के साथ काम करने का अनुभव और बिग बॉस में मिली सीख ने उन्हें यह समझ दिया कि सच्ची सफलता केवल नाम और शोहरत में नहीं, बल्कि अपने चरित्र और काम के प्रति समर्पण में है। उनके लिए अभिनय एक मिशन है, एक ऐसा रास्ता जो उन्हें हर दिन कुछ नया सिखाता है और उन्हें बेहतर इंसान बनाता है।
