मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिउद्धव ठाकरे के हाथों एंबुलेंस का लोकार्पण, वर्सोवा के नागरिकों को मिलेगी...

उद्धव ठाकरे के हाथों एंबुलेंस का लोकार्पण, वर्सोवा के नागरिकों को मिलेगी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा

स्वर्गीय शाहेदा खान की स्मृति में समर्पित एंबुलेंस लोखंडवाला-ओशिवरा और मिल्लत नगर क्षेत्र के लोगों के लिए बनी नई जीवनरेखा

मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की ओर से वर्सोवा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए समर्पित एंबुलेंस का लोकार्पण शिवसेना पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिवसेना नेता, विभाग प्रमुख एवं विधायक अनिल परब विशेष रूप से उपस्थित रहे।

स्वर्गीय नगरसेविका शाहेदा खान की स्मृति में तैयार की गई इस अत्याधुनिक एंबुलेंस को लोखंडवाला ओशिवरा सिटीजंस एसोसिएशन (एलओसीए) तथा मिल्लत नगर को-ऑपरेटिव सोसायटी फेडरेशन लिमिटेड को सौंपा गया। इस पहल से लोखंडवाला, ओशिवरा, मिल्लत नगर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों नागरिकों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का त्वरित लाभ मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान उद्धव ठाकरे ने जनसेवा को शिवसेना की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी उपक्रम समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रतीक हैं।

इस अवसर पर शिवसेना उपनेता एवं युवा सेना सचिव अमोल कीर्तिकर, वर्सोवा विधानसभा के संगठक एवं पूर्व नगरसेवक यशोधर (शैलेश) फणसे, विभाग संगठिका अनीता बागवे, उप विभाग प्रमुख राजेश शेट्ट्ये, वर्सोवा विधानसभा संगठिका मेघना काकडे-माने तथा उत्तर-पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के सह-संपर्क प्रमुख अजय यादव सहित बड़ी संख्या में शाखा प्रमुख, गट प्रमुख और विभिन्न अंगीकृत संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय शाहेदा खान के सामाजिक योगदान को भी याद किया गया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके नाम पर शुरू की गई यह एंबुलेंस सेवा जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बनेगी और उनकी स्मृतियों को लंबे समय तक जीवंत रखेगी। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

अन्य समाचार

पिता