मुख्यपृष्ठनए समाचारअडूका में हादसा...डंपर की टक्कर से बिजली विभाग के लाइनमैन की मौत

अडूका में हादसा…डंपर की टक्कर से बिजली विभाग के लाइनमैन की मौत

सामना संवाददाता / झुंझुनू

राजस्थान में झुंझुनू जिले के चिड़ावा कस्बे के निकट अडूका क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दूसरा बाइक सवार भी बाल बाल बच गया। हादसा डंपर और बाइक की हुई टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन में चाबी छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिचानवा खुर्द निवासी 48 वर्षीय मनफूल पुत्र नौरंगराम कुमावत बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान अडूका के निकट सामने से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनफूल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को संभाला। इसी दौरान एक बोलेरो चालक ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल मनफूल को तत्काल चिड़ावा के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। ताकि उन्हें शीघ्र उपचार मिल सके। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद मनफूल को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर चिड़ावा थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। वहीं सड़क पर खड़े डंपर और क्षतिग्रस्त बाइक को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए सड़क किनारे करवाया गया। मृतक मनफूल कुमावत बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। उनके आकस्मिक निधन से विभागीय कर्मचारियों एवं क्षेत्र में शोक की लहर है। मनफूल कुमावत अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। परिवार के मुखिया की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने हादसे के बाद फरार हुए डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि डंपर ने ना केवल मनफूल की बाइक को टक्कर मारी, बल्कि इस टक्कर के बाद पीछे से आ रही दूसरी बाइक का चालक भी बाल-बाल बचता हुआ दिखाई दे रहा है।

अन्य समाचार

पिता