मुख्यपृष्ठसमाचार‘गटर जेनरेशन’ टिप्पणी को लेकर कंगना रनौत के खिलाफ लखनऊ पुलिस में...

‘गटर जेनरेशन’ टिप्पणी को लेकर कंगना रनौत के खिलाफ लखनऊ पुलिस में शिकायत

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के हुसैनगंज थाने में तहरीर दी है। कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत पर ‘जेन जेड’ छात्र-छात्राओं और युवाओं के खिलाफ अपमानजनक तथा जनभावनाओं को आहत करने वाले बयान देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
राजधानी के हुसैनगंज थाने में दी गई तहरीर में कहा गया है कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के संबंध में कंगना रनौत ने 30 जुलाई को एक सार्वजनिक बयान में प्रदर्शनकारी युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और नई पीढ़ी के संबंध में अपमानजनक टिप्पणियां कीं। आरोप है कि कंगना रनौत ने देश की बेटियों को कथित तौर पर ‘गटर जेनरेशन’ कहा था।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कंगना रनौत ने ‘जेन जेड’ बेटियों के माता-पिता को भी अपमानित किया। उन्होंने सवाल किया कि इन्हें कौन जन्म दे रहा है और इनकी परवरिश कौन कर रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह केवल प्रदर्शनकारियों का नहीं, बल्कि पूरी नई पीढ़ी, महिलाओं, युवाओं और उनके माता-पिता तथा परिवारों का अपमान है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाने, धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने, शांति भंग के लिए उकसाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच कंगना रनौत ने अपनी फिल्मों के दृश्यों का इस्तेमाल कर उनके खिलाफ बनाए जा रहे वीडियो को लेकर सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से युवाओं को गुमराह किया जा रहा है।
कंगना ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए लिखा कि उनकी फिल्मों के उन दृश्यों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिनमें अभिनय के लिए उन्हें करोड़ों रुपये मिलते हैं। उन्होंने कहा कि बड़े कार्यक्रमों की झलकियां दिखाकर यह विश्वास दिलाने की कोशिश की जा रही है कि युवा भी सड़क, स्कूल कार्यक्रमों या छोटे क्लबों में वैसा ही कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों परिस्थितियां बिल्कुल अलग हैं और युवाओं को भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए।
दरअसल, जेन-जेड प्रदर्शनकारियों पर कंगना रनौत ने हाल ही में निशाना साधा था। इंस्टाग्राम पर साझा पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि जेन-जेड के प्रदर्शनों से जुड़े वीडियो देखकर उन्हें उबकाई आती है। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल युवतियों को लेकर भी टिप्पणी की थी और इसे पश्चिमी संस्कृति से प्रभावित भारतीय महिलाओं की नई पीढ़ी बताया था।
कंगना के इस कथित बयान को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। विपक्षी दलों ने इस बयान का विरोध करते हुए कंगना पर निशाना साधा है।

अन्य समाचार

जिंदगी