उमेश गुप्ता / वाराणसी
भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू पर की गई कथित अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी तथा कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार पर लगातार की जा रही बयानबाजी के विरोध में शनिवार को महानगर युवा कांग्रेस, वाराणसी के तत्वावधान में जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रदेश सह-प्रभारी नरसिम्हा यादव उपस्थित रहे। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष चंचल शर्मा ने किया।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निशिकांत दुबे के चित्र का प्रतीकात्मक विरोध करते हुए उसे गटर में डालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इसके बावजूद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने निर्धारित कार्यक्रम पर डटे रहे और विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर महानगर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष चंचल शर्मा ने निशिकांत दुबे की संसद सदस्यता समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, जिन्होंने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी, उनके विरुद्ध अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम की विरासत और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का भी अपमान है।
कार्यक्रम में अनुपम राय, ओम शुक्ला, धीरज सोनकर, विनीत चौबे, मो. जीशान, अश्वनी यादव, उत्कर्ष पांडेय, आशुतोष श्रीवास्तव, सुजान खान, सूरज यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
