मुख्यपृष्ठनए समाचारसावन की आस्था पर घूरपुर पुलिस का सुरक्षा कवच...रीवा हाईवे से मंदिरों...

सावन की आस्था पर घूरपुर पुलिस का सुरक्षा कवच…रीवा हाईवे से मंदिरों तक कड़ा पहरा…भारी वाहनों पर रोक और रातभर चेकिंग

राजेश सरकार / प्रयागराज

श्रावण मास के पहले सोमवार 3 अगस्त को लेकर घूरपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का ऐसा खाका तैयार किया है कि आस्था के रास्ते पर अव्यवस्था की कोई गुंजाइश न रहे। क्षेत्र के प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर लालापुर और भीटा स्थित पौराणिक सुजावन देव मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर मंदिरों के प्रवेश मार्ग तक हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
घूरपुर थानाध्यक्ष अतुल मिश्रा ने बताया कि रविवार रात से ही लालापुर और भीटा की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। दोनों मंदिर मार्गों पर रात्रिकालीन चेकिंग के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि कांवड़ियों की सुरक्षा में कोई चूक न हो। पुलिस ने यात्रा मार्ग पर सचल पुलिस दस्ता, पुलिस पिकेट, डायल-112, मोबाइल एम्बुलेंस यूनिट और ट्रैफिक नियंत्रण टीम तैनात की है। श्रद्धालुओं के लिए जलपान की विशेष व्यवस्था भी की गई है। घूरपुर थाने के बाहर रीवा हाईवे पर पुलिस प्रशासन की ओर से कांवड़ियों के लिए पेयजल और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कांवड़ियों से भरे वाहनों की रफ्तार नियंत्रित रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि डीजे वाहनों पर तेज आवाज में गीत बजाना, सड़क के बीच चलना, नृत्य करना या यातायात बाधित करना प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित डीजे संचालक जिम्मेदार माना जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने कहा कि सरकार के निर्देशों का पूरी सख्ती से पालन कराया जाएगा और शांति-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त यमुनानगर ने श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों, यातायात व्यवस्था और कांवड़ यात्रियों के विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। अब उन्हीं निर्देशों के तहत घूरपुर पुलिस ने पूरी ताकत के साथ सुरक्षा मोर्चा संभाल लिया है।

अन्य समाचार