अनिल मिश्र / गया जी
बिहार प्रदेश के गया जिला अंतर्गत कोंच प्रखंड में सावन माह के अंतिम सोमवार के अवसर पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय कोचेश्वर महादेव महोत्सव को लेकर समाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर के अनुरोध पर स्थानीय विधायक अजय कुमार ने जिला प्रशासन से महोत्सव की स्मारिका/विवरणिका प्रकाशित कराने की मांग की है।इस संबंध में विधायक ने जिलाधिकारी, गया को पत्र भेजकर कहा है कि कोचेश्वर महादेव महोत्सव क्षेत्र का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। कोंच स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक कोचेश्वर महादेव मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में महोत्सव के अवसर पर स्मारिका का प्रकाशन मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्व के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहायक होगा।राजद जिला अध्यक्ष सुभाष यादव ने कहा कि स्मारिका के माध्यम से कोंच क्षेत्र की समृद्ध विरासत, स्थानीय संस्कृति, पुरातात्विक महत्व तथा महोत्सव की उपयोगिता को आमजन एवं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकेगा। हिमांशु शेखर ने कहा कि किसी भी महोत्सव को सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए। स्मारिका के माध्यम से महोत्सव के उद्देश्यों को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
