मुख्यपृष्ठटॉप समाचारकांग्रेस का आरोप : भाजपा ने नहीं भरा है रु. ४६०० करोड़...

कांग्रेस का आरोप : भाजपा ने नहीं भरा है रु. ४६०० करोड़ का इनकम टैक्स! …अजय माकन ने सरकार से की वसूली की मांग

कांग्रेस को आईटी ने रु. 1800 करोड़ का नोटिस भेजा है
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
`इंडिया’ गठबंधन को पूरे देश में मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया से सरकार हिल गई है और `विश्वगुरु’ तनाव में आ गए हैं। इसलिए, विपक्ष को दबाने के लिए केंद्रीय मशीनरी का अंधाधुंध इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें `इनकम टैक्स’ के संकट को कांग्रेस के पीछे लगा दिया गया है, जो अब `इंडिया’ गठबंधन में एक महत्वपूर्ण घटक दल है। आयकर विभाग ने कल कांग्रेस को करीब १,८२३ करोड़ रुपए चुकाने का नोटिस जारी किया है। यह नोटिस आकलन वर्ष २०१७-१८ और २०२०-२१ के लिए जारी किया गया है और इसमें ब्याज और जुर्माना शामिल है।
दरअसल, इन दिनों भाजपा अपने तानाशाही रवैये से साम-दाम-दंड-भेद की नीति अपनाकर विपक्ष को झूठा और गलत साबित करने में तुली हुई है। राजनीतिक धर्म न निभाकर केवल अपने फायदे के लिए ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है। लेकिन खुद को भ्रष्टाचार मुक्त बताने वाली भाजपा पर कांग्रेस ने हाल ही में एक बड़ा आरोप लगाया है। आयकर विभाग से मिले १,८२३ करोड़ रुपए के नोटिस को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले नोटिस जारी किया, लेकिन भाजपा को लेकर आंखें बंद कर ली हैं, जबकि बीजेपी पर ४६०० करोड़ रुपए का जुर्माना बनता है।

आयकर विभाग ने पिछले वर्षों के टैक्स रिटर्न में हुई कथित विसंगतियों के लिए कांग्रेस पार्टी को १,७०० करोड़ रुपए का नया नोटिस भेजा है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। लोकसभा चुनाव से पहले इस नोटीस ने निश्चित तौर पर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है।
लोकसभा चुनाव से पहले ‘कर आतंकवाद’ (टैक्स टेररिज्म) के जरिए विपक्ष पर हमला किया जा रहा है। पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने आरोप लगाया कि जिन मापदंडों के आधार पर कांग्रेस को जुर्माने के नोटिस दिए गए हैं, उन्हीं के आधार पर भारतीय जनता पार्टी से ४६०० करोड़ रुपए से अधिक के भुगतान की मांग करनी चाहिए। आयकर विभाग के नए कदम को लोकसभा चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है जो पहले ही धन की कमी का सामना कर रही है। अजय माकन ने संवादादाताओं से कहा, हमें आयकर विभाग से १८२३.०८ करोड़ रुपए का भुगतान करने के लिए नए नोटिस मिले हैं। पहले ही आयकर विभाग ने हमारे बैंक खाते से जबरन १३५ करोड़ रुपए निकाल लिए हैं।’ उनके मुताबिक, इन १८२३ करोड़ रुपए में से ५३.९ करोड़ रुपए की मांग वित्त वर्ष १९९३-९४ के कर आकलन के आधार पर की गई है जब सीताराम केसरी कांग्रेस के अध्यक्ष थे।
कांग्रेस को १७०० करोड़ का आयकर विभाग का नोटीस
इनकम टैक्स विभाग से कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। इनकम टैक्स विभाग ने कांग्रेस पार्टी को १७०० करोड़ का रिकवरी नोटिस भेजा है। यह नोटिस साल २०१७-१८ से लेकर २०२०-२१ के लिए भेजा गया है। आईटी डिपार्टमेंट द्वारा भेजी गई इस नोटिस में टैक्स के साथ ही जुर्माना और और ब्याज भी जोड़ा गया है। इससे पहले गुरुवार को ही दिल्ली हाई कोर्ट ने भी कांग्रेस को राहत देने से इनकार कर दिया। यह नोटिस उसी के बाद भेजा गया। दिल्ली हाई कोर्ट में कांग्रेस ने एक याचिका दायर करके २०१७-१८ से लेकर २०२०-२१ तक के टैक्स वसूलने को लेकर नोटिस भेजने का विरोध किया था।
कांग्रेस को आर्थिक रुप से पंगु बनाने की साजिश
माकन की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, आयकर विभाग ने वर्ष २०१६-१७ के लिए १८१.९९ करोड़ रुपए, २०१७-१८ के लिए १७८.७३ करोड़ रुपए, २०१८-१९ के लिए ९१८.४५ करोड़ रुपए तथा २०१९-२० के लिए ४९०.०१ करोड़ रुपए के नोटिस दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु किया जा रहा है। माकन ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले समान अवसर की स्थिति को खत्म करने के लिए यह सब किया जा रहा है तथा लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है।
आयकर विभाग का कांग्रेस से सौतेला व्यवहार
माकन ने आरोप लगाते हुए कहा है कि ‘आयकर विभाग के जिन नियमों की आड़ में कांग्रेस को परेशान किया जा रहा है, उन्हीं नियमों को लेकर भाजपा को छूट दी जा रही है। कांग्रेस का १४ लाख रुपए का वायलेशन बताकर ‘भाजपा के आयकर विभाग’ ने कांग्रेस के १३५ करोड़ रुपए ले लिए। लेकिन भाजपा को ४२ करोड़ रुपए का चंदा देने वालों का न कोई नाम है, न कोई पता है, उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।’ माकन का कहना था, `आयकर विभाग ने भाजपा के ४२ करोड़ रुपए से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर तो आंख पर पट्टी बांध ली, लेकिन कांग्रेस के १४ लाख रुपये जो कि हमारे २३ नेताओं ने दिए हैं, जिनके नाम और पते भी हैं, उसके आधार पर हमारे १३५ करोड़ रुपए छीन लिए।

सरकार बदलने पर किसी को नहीं बख्शेंगे, ये मेरी गारंटी!
चुनाव से पहले कांग्रेस को आर्थिक संकट में डालने वाली मोदी सरकार पर कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने जोरदार हमला बोला है। सरकार बदलेगी तो `लोकतंत्र का गला घोंटने वालों’ पर कार्रवाई जरूर होगी। उन्होंने कड़ी चेतावनी भी दी कि सरकार बदलने के बाद कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। आयकर विभाग द्वारा नोटिस जारी करने के बाद राहुल गांधी ने `एक्स’ पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि इनकम टैक्स ने कांग्रेस को जुर्माना और ब्याज समेत १७०० करोड़ का नोटिस जारी किया है। कुछ महीने पहले आयकर विभाग ने कांग्रेस के चार बैंक खाते प्रâीज कर दिए थे। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस वित्तीय संकट में है और हम खर्च नहीं कर पा रहे हैं।

अन्य समाचार