सामना संवाददाता / मुंबई
सहारा स्टार होटल में आयोजित एक भव्य समारोह में टीवी और फिल्म जगत के कलाकारों को सम्मानित करने हेतु IIFA अवॉर्ड का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर बेजुबान पशु-पक्षियों के कल्याण हेतु किए गए अद्वितीय कार्यों के लिए डॉ. नरेन्द्र गुप्ता को बेस्ट सोशल वर्कर ऑफ द ईयर से सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान फिल्म अभिनेत्री मोनिका बेदी और डायरेक्टर अखिलेश सिंह द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में ट्विंकल कपूर, पूजा पांडेय, काजल चौहान, ईशान मसीह, ऐश्वर्या सिंह समेत सैकड़ों कलाकार और गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन चर्चित सेलिब्रिटी एंकर श्रेया शर्मा ने किया।
डॉ. गुप्ता वर्षों से सड़क पर रहने वाले बेजुबान पशु-पक्षियों के संरक्षण में लगे हैं। अपने संबोधन में डॉ.गुप्ता ने कहा, ये बेजुबान हैं, अपना दुख-दर्द कह नहीं सकते। इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम उनके प्रति करुणा, संवेदना और प्रेम दिखाएं। उनके साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता न हो, इसके लिए समाज को एकजुट होना होगा।
