सामना संवाददाता / मुंबई
दो हफ्ते पहले कल्याण रेलवे स्टेशन पर लाखों रुपए का नशीला पदार्थ पकडा गया था। यह ड्रग्स कर्नाटक से आने वाली एक्सप्रेस ट्रेन से मुंबई लाया गया था। इसके बाद पनवेल रेलवे स्टेशन पर बड़ी मात्रा में कोकीन के पकड़े जाने से हड़कंप मच गया है। इसमें खास बात यह है कि पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के मकसद से विदेशी महिला ने अपने गोद में छोटा बच्चा रखा था। बता दें ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था की कमी के चलते एक्सप्रेस के जरिए बड़ी मात्रा में ड्रग्स तस्करी का कारोबार धड़ल्ले से किया जा रहा है।
एनसीबी बंगलुरु और आरपीएफ मुंबई के संयुक्त अभियान में पनवेल रेलवे स्टेशन पर ३६ करोड़ रुपए कीमत का ड्रग्स जब्त किया गया। इस मामले में एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है। एनसीबी बंगलुरु को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या १२६१८ `मंगला एक्सप्रेस’ में एक यात्री भारी मात्रा में ड्रग्स लेकर आ रही है। जैसे ही ट्रेन पनवेल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर ७ पर पहुंची, टीम ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
इस तलाशी अभियान के दौरान कोच ए-२, सीट संख्या २७ पर एक नाइजीरियाई महिला एक बच्चे के साथ मिली। उसके हाथ में एक बहुरंगी ट्रेवल बैग था। पूछताछ में उसने अपना नाम एट्टुमुदोन डोरिस बताया। इस महिला के पास नाइजीरियाई पासपोर्ट था। महिला को उसके बच्चे और सामान के साथ आगे की पूछताछ के लिए आरपीएफ पोस्ट पनवेल लाया गया। वहां उसके सामान की गहन जांच की गई। इसके बाद उसके बहुरंगी ट्रैवल बैग में अधिकारियों को रबर शीट के कपड़े में लिपटे दो आयताकार काले पैकेट मिले, जिन पर `विंटेज’ लिखा था।
जब उन्होंने उसे खोला तो उनमें सफेद पाउडर के दो पैकेट मिले। ड्रग डिटेक्शन किट से उनकी जांच करने पर पता चला कि उनमें कोकीन है। महिला के पास से २.००२ किलोग्राम कोकीन जब्त की गई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत ३६ करोड़ रुपए है। गिरफ्तार महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है। क्या इस महिला के साथ ट्रेन में कोई और भी था? इस महिला को यह पैकेट कहां से मिला? वह इसे आगे किसे देने वाली थी? जांच अभी जारी है और इस कार्रवाई से किसी बड़े अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का पर्दाफाश होने की संभावना है।
