मुख्यपृष्ठनए समाचारकरोड़ों की उगाही, स्वच्छता में फिसड्डी!

करोड़ों की उगाही, स्वच्छता में फिसड्डी!

– देश में नंबर वन का तमगा गंवाया
– मीरा-भायंदर मनपा की चमक उतरी

सुरेश गोलानी / मुंबई

केंद्र सरकार के ‘स्वच्छ सर्वेक्षण २०२५-२६ पुरस्कारों में मीरा-भायंदर महानगरपालिका को बड़ा झटका लगा है। पिछले सर्वेक्षण में ३ से १० लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल करने वाला शहर इस बार अपनी साख बचाने में पूरी तरह से नाकाम रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जारी ताजा नतीजों में नवी मुंबई ने देश में पहला, सूरत ने दूसरा और विजयवाड़ा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, ३ से १० लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन पहले और चंडीगढ़ दूसरे स्थान पर रहा। गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण २०२४-२५ में मीरा-भायंदर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए देश के हजारों शहरों को पछाड़कर अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया था और राष्ट्रपति पुरस्कार जीता था। इसके साथ ही शहर को ‘५ स्टार कचरा मुक्त शहर’ और ‘वाटर प्लस’ का दर्जा भी मिला था। स्वच्छता की रैंिंकग सुधारने के लिए मनपा प्रशासन ने एक अंतरराष्ट्रीय संस्था को सलाहकार नियुक्त किया है। इस कंपनी को हर महीने करीब लाखों रुपये का भारी-भरकम भुगतान किया जा रहा है। इसके बावजूद प्रदर्शन में आई गिरावट ने सलाहकार कंपनी की कार्यप्रणाली और प्रशासन के नियोजन को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।
प्रशासनिक उदासीनता और सुझावों की अनदेखी का नतीजा
सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार, पुरस्कार और रैंिंकग आते-जाते रहते हैं और हर बार हर किसी का जीतना संभव नहीं होता। स्वच्छ सर्वेक्षण में मीरा-भायंदर की यह गिरावट भले ही निराशाजनक है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह है कि प्रशासन अपनी गलतियों से सबक ले और उनमें सुधार करे। हालांकि, जमीनी हकीकत यह है कि मनपा प्रशासन ने नागरिकों और जानकारों की रचनात्मक आलोचना तथा अच्छे सुझावों पर कभी गंभीरता से संज्ञान नहीं लिया, और यही रवैया आज उसकी इस बड़ी विफलता का मुख्य कारण बना है।
रजत जयंती वर्ष में लगा झटका
ज्ञात हो कि इस वर्ष फरवरी में हुए चुनावों के बाद भाजपा ने महानगरपालिका में एकतरफा सत्ता हासिल की है। इसके साथ ही, मनपा प्रशासन अपना रजत जयंती वर्ष भी मना रहा है, जिसके तहत शहर भर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के कई विशेष अभियान चलाए गए थे। ऐसे में पूर्ण बहुमत वाली सत्ता और रजत जयंती वर्ष के विशेष आयोजनों के बावजूद रैंकिंग में आई इस गिरावट से स्थानीय नागरिकों में खासी नाराजगी देखी जा रही है।

अन्य समाचार