मुख्यपृष्ठनए समाचार‘मोदी ने राम मंदिर को भी बनाया चुनावी इवेंट!'.. सोनिया गांधी की...

‘मोदी ने राम मंदिर को भी बनाया चुनावी इवेंट!’.. सोनिया गांधी की आत्मकथा ने दिखाया आईना

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

चुनावी फायदे के लिए धर्म और आस्था का इस्तेमाल करने का आरोप एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर लगा है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में अयोध्या के राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि २०२४ के लोकसभा चुनाव से पहले अधूरे राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन जल्दबाजी में किया गया और एक पवित्र धार्मिक अनुष्ठान को राजनीतिक इवेंट में बदल दिया गया।
सोनिया गांधी के मुताबिक, जनवरी २०२४ में मंदिर का निर्माण पूरा नहीं हुआ था। इसके बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने शंकराचार्यों की सलाह और आपत्तियों को दरकिनार कर समारोह का नेतृत्व किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस धार्मिक अनुष्ठान में शंकराचार्यों और धर्माचार्यों की प्रमुख भूमिका होनी चाहिए थी, उसमें प्रधानमंत्री खुद मुख्य भूमिका में क्यों नजर आए। सोनिया ने इस आयोजन को राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित राजनीतिक तमाशा करार दिया है। उन्होंने अपनी किताब में यह भी लिखा है कि राम मंदिर आंदोलन भाजपा की राजनीतिक यात्रा का अहम आधार रहा है।
शंकराचार्यों की चेतावनी दरकिनार, राम मंदिर बना चुनावी मंच
प्राण प्रतिष्ठा से पहले पुरी और ज्योतिर्मठ के शंकराचार्यों ने अधूरे मंदिर में समारोह आयोजित करने पर आपत्ति जताई थी और कार्यक्रम से दूरी बनाई थी। अब सोनिया गांधी की आत्मकथा में उठाए गए सवालों ने भाजपा के हिंदुत्व और धार्मिक आयोजनों के राजनीतिक इस्तेमाल की बहस को फिर हवा दे दी है। सवाल है कि आस्था का केंद्र राम मंदिर था या चुनावी प्रचार का मंच।

अन्य समाचार