मुख्यपृष्ठनए समाचारसड़कें झाड़कर मुंबई की हवा में धूल उड़ा रहे हैं!

सड़कें झाड़कर मुंबई की हवा में धूल उड़ा रहे हैं!

-हाई कोर्ट समिति ने खोली पोल
-कच्चे सड़क किनारों से प्रदूषण को बताया गंभीर आपात स्थिति
-एमएमआरडीए की लापरवाही पर नाराजगी, सड़क एजेंसियों को सुधार के निर्देश

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई महानगर क्षेत्र में प्रदूषण रोकने के नाम पर सड़कों की सफाई की जा रही है, लेकिन सफाई का तरीका ही हवा में धूल बढ़ाने का कारण बन रहा है। मुंबई हाई कोर्ट द्वारा नियुक्त उच्चाधिकार समिति ने सड़क किनारों की उड़ती धूल को वायु गुणवत्ता, सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या बताया है।
समिति ने २९ सितंबर की रिपोर्ट में कहा है कि प्रमुख सड़कों और राजमार्गों के कच्चे किनारों पर वाहनों की आवाजाही से बड़ी मात्रा में धूल उड़ती है। हाथ से झाड़ू लगाने पर जमी हुई धूल दोबारा हवा में पैâल जाती है। जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह और मालवाहक परिवहन मार्गों के निरीक्षण में यह समस्या विशेष रूप से सामने आई। समिति ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सार्वजनिक निर्माण विभाग, एमएमआरडीए और एमएसआरडीसी को ऐसे सड़क खंडों की पहचान करके उनके किनारे पक्के करने अथवा स्थिर बनाने के निर्देश दिए हैं। जहां ऐसा करना संभव नहीं है, वहां भारी वाहनों की आवाजाही और पार्किंग रोकने की सिफारिश की गई है। समिति ने सड़कों की साप्ताहिक गहन सफाई और पानी से धुलाई करने को भी कहा है।
प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की पहचान के लिए सीसीटीवी, ई-चालान और टोल आंकड़ों के उपयोग पर जोर दिया गया है। रिपोर्ट में एमएमआरडीए के शिवड़ी स्थित निर्माण स्थल पर अनुपालन संबंधी विफलता को लेकर कड़ी नाराजगी जताई गई। समिति के अनुसार, प्रमाण उपलब्ध होने के बावजूद वहां प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई नहीं दिखाई गई। समिति ने स्पष्ट किया कि निर्माण एजेंसियां अपनी गंदगी साफ करने की जिम्मेदारी महानगरपालिकाओं पर नहीं डाल सकतीं। निर्माण कार्यों में ठेकेदारों के साथ संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया है।

अन्य समाचार