मुख्यपृष्ठनए समाचार`कुछ लोगों की उम्र बढ़ जाती है, बुद्धि छोटी ही रह जाती...

`कुछ लोगों की उम्र बढ़ जाती है, बुद्धि छोटी ही रह जाती है’

  -किसानों को लेकर विवादित बयान देने वाले भाजपा सांसद पर अंबादास दानवे की तीखी टिप्पणी

सामना संवाददाता / मुंबई

किसानों को मेहनतकश नहीं, बल्कि शराबी और कामचोर बताने वाले भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बयान ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। मिश्रा ने कहा था कि किसान साल में केवल तीन महीने काम करते हैं और बाकी नौ महीने ताश खेलने तथा शराब पीने में गुजारते हैं। उनके इस बयान पर शिवसेना नेता व विधायक अंबादास दानवे ने करारा हमला बोला है। दानवे ने सोशल मीडिया मंच `एक्स’ पर मिश्रा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इंसान को अपनी उम्र के लिहाज से बोलना चाहिए। कुछ लोगों की उम्र तो बढ़ जाती है, लेकिन बुद्धि छोटी ही रह जाती है। आप भी उसी श्रेणी के दिखाई देते हैं।
दानवे ने भाजपा सांसद के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या जनार्दन मिश्रा साल में केवल दो-तीन महीने संसद के अधिवेशन में ही काम करते हैं? बाकी दिनों में दूसरों की खिल्ली उड़ाना और गप्पें मारना ही उनका काम है क्या? दानवे ने अपनी पोस्ट में भाजपा के आधिकारिक एक्स खाते को भी टैग किया। किसानों की मेहनत का मजाक उड़ाने वाले सांसद के बयान पर अब भाजपा की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

अन्य समाचार