रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
नालासोपारा स्थित इस्कॉन मंदिर की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नालासोपारा पूर्व में कृष्ण भक्तों द्वारा भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
इस्कॉन मंदिर के एच.जी. मधुमंगलदास प्रभु जी ने बताया कि 2 अगस्त, रविवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। यह यात्रा सनशाइन कॉम्प्लेक्स स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के पास से प्रारंभ होकर आचोले रोड, द्वारका होटल, गालानगर सर्कल, अंबावाड़ी, तुलिंज रोड, राधाकृष्ण होटल, टांकी रोड, सेंट्रल पार्क होते हुए तुलिंज पुलिस स्टेशन के समीप संपन्न हुई।
रथयात्रा में दो रॉल्स-रॉयस कारों सहित कुल 11 रथ आकर्षक ढंग से सजाए गए थे। ढोल-ताशों तथा डीजे की धुन पर कृष्ण भक्त भजन-कीर्तन करते हुए पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे।
यात्रा के स्वागत में स्थानीय नगरसेवक विजय घोलप एवं श्रीमती पुष्पा विजय घोलप परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल एवं जूस वितरण की व्यवस्था की गई थी। इसी प्रकार गालानगर में श्रवण प्रभु तथा सेंट्रल पार्क स्थित रामकला इमारत के पास रवीन्द्र शर्मा द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के समापन पर समाजसेवी अमित ओमप्रकाश दूबे ने भगवान की आरती उतारी। इस अवसर पर समाजसेवी बाबूभाई पुरोहित, एडवोकेट आशीष मिश्रा, समाजसेवी प्रवीण वीरा, एडवोकेट सुनील मिश्रा, उमेश नायक, राजेश मेहता, जगदीश मनोहर म्हात्रे, जगदीश शाह सहित बड़ी संख्या में श्रीकृष्ण भक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आचोले एवं तुलिंज पुलिस स्टेशन का विशेष योगदान रहा।
