मुख्यपृष्ठसमाचारप्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से दहला इलाका, खून से लथपथ मिले तीन...

प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से दहला इलाका, खून से लथपथ मिले तीन मूक-बधिरों के शव

राजेश सरकार / प्रयागराज

संगम नगरी प्रयागराज के शाहगंज क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब लीडर रोड स्थित गढ़ीकला मोहल्ले के एक बंद कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष का शव बरामद हुआ। एक ही कमरे में तीन शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों मृतक मूक-बधिर (बोलने और सुनने में असमर्थ) थे और कबाड़ बीनकर अपना जीवनयापन करते थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि तीनों गढ़ीकला मोहल्ले में सुशीला देवी के मकान में किराये पर रहते थे। मंगलवार को जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो भीतर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और तीनों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े थे।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (नगर), फोरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ तथा डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस कमिश्नरेट के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मामला आपसी विवाद में हुई हत्या का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही मृत्यु के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और किरायेदार सत्यापन को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने व्यस्त रिहायशी इलाके में इस प्रकार की घटना चिंता का विषय है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित बिंदुओं पर जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार