-वीआईपी कार से जब्त हुआ २० लाख का माल…गुजरात से महाराष्ट्र तक फैला रैकेट
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई और महाराष्ट्र में हो रही गुटखा बिक्री और तस्करी पर एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे की कार्रवाई के बीच एक चौंकानेवाला मामला सामने आया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए बीजेपी के झंडे और ‘भारत सरकार’ की पट्टिका का सहारा लेना शुरू कर दिया था। तलासरी पुलिस और पालघर लोकल क्राइम ब्रांच ने गुप्त सूचना के आधार पर मुंबई-अमदाबाद नेशनल हाईवे पर जाल बिछाया। इस दौरान गुजरात से मुंबई की ओर आ रही एक संदिग्ध इनोवा कार को रोका गया। तलाशी में पुलिस भी दंग रह गई। कार से २० लाख ६० हजार रुपए का अवैध गुटखा बरामद हुआ।
तस्करों ने चेकपॉइंट पर न रोकने के लिए कार के आगे ‘भारत सरकार’ का बोर्ड, शीशे पर बीजेपी का कमल निशान और पार्टी का झंडा लगा रखा था। सूत्रों के मुताबिक, वीआईपी स्टाइल में गुजरात से महाराष्ट्र तक गुटखा तस्करी का धंधा काफी समय से चल रहा था। इसकी आड़ में करोड़ों का गुटखा गुजरात से मुंबई पहुंचता था। पुलिस ने सारा गुटखा और तस्करी में इस्तेमाल हुई लग्जरी कार जब्त कर ली है। मामला दर्ज कर लिया गया है। पालघर लोकल क्राइम ब्रांच अब इस रैकेट के पीछे की ‘बड़ी मछलियों’ का पता लगा रही है कि यह नेटवर्क कितना पैâला है और इसमें कौन-कौन शामिल है। इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले में तीखी चर्चा हो रही है। एफडीए ने साफ किया है कि गुटखा माफिया के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।
वीआईपी बोर्ड की आड़ में गुटखा तस्करी
‘भारत सरकार’ की पट्टिका और बीजेपी का झंडा लगाकर तस्कर पुलिस को चकमा दे रहे थे। तलासरी पुलिस और पालघर क्राइम ब्रांच ने मुंबई-अमदाबाद हाईवे पर कार्रवाई कर २०.६० लाख रुपए का अवैध गुटखा और तस्करी में इस्तेमाल इनोवा कार जब्त कर ली।
अब ‘बड़ी मछलियों’ की तलाश
एफडीए की सख्ती के बीच गुटखा तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। पालघर क्राइम ब्रांच पूरे रैकेट की जांच कर रही है कि इसके पीछे कौन लोग हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि गुटखा माफिया के खिलाफ अभियान और तेज होगा।
