-बाढ़ के बीच राहुल गांधी ने पीएम मोदी को याद दिलाई जिम्मेदारी
-हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
-उत्तर प्रदेश के ५० से अधिक जिलों में भारी बरसात
-बिहार में पांच लोगों की डूबकर हुई मौत
आज आधा हिंदुस्थान बाढ़ में डूब चुका है। देश में कई हिस्सों में आई भयावह बाढ़ को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने का आग्रह किया। कांग्रेस नेता गांधी ने `एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ की स्थिति बेहद चिंताजनक है। केंद्र सरकार से मदद मांगते हुए गांधी ने कहा, ‘मोदी जी, पंजाब में बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी स्थिति बेहद चिंताजनक है। ऐसे मुश्किल समय में आपका (पीएम मोदी) ध्यान और केंद्र सरकार की सक्रिय मदद बेहद जरूरी है। हजारों परिवार अपने घर, जान और प्रियजनों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।’
राहुल गांधी ने `एक्स’ पोस्ट में आगे कहा, ‘मैं आग्रह करता हूं कि इन राज्यों, खासकर किसानों के लिए एक विशेष राहत पैकेज (स्पेशल रिलीफ पैकेज) की तत्काल घोषणा की जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए।’ इस बीच देश के कई राज्यों में भारी बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में रेड अलर्ट वाले जिलों में पुंछ, मीरपुर, राजौरी, रियासी, जम्मू, रामबन, उधमपुर, सांबा, कठुआ, डोडा और किश्तवाड़ शामिल हैं। पंजाब की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई है।
उत्तराखंड में नहीं रुक रही तबाही
अब तक ७९ लोगों की मौत
उत्तराखंड में भारी बारिश ने इस बार भारी तबाही मचाई है। लगातार हो रही बरसात और बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अब तक ७९ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि ११५ लोग घायल हुए हैं और ९० लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
