मुख्यपृष्ठनए समाचारहाई कोर्ट का फैसला साफ...फिर सरकार क्यों खामोश?...हजारों पेंशनरों की वेतनवृद्धि अटकी

हाई कोर्ट का फैसला साफ…फिर सरकार क्यों खामोश?…हजारों पेंशनरों की वेतनवृद्धि अटकी

-100 को न्याय, हजारों को इंतजार…हाई कोर्ट के फैसले के बाद भी सरकार क्यों मौन?

सुनील ओसवाल / मुंबई

सेवानिवृत्ति से पहले कम से कम छह महीने की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को वार्षिक वेतनवृद्धि से केवल 30 जून को सेवानिवृत्त होने के आधार पर वंचित नहीं किया जा सकता। मुंबई हाई कोर्ट ने शिक्षा विभाग के 100 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की याचिका पर यह स्पष्ट किया है। इसके बाद राज्य के हजारों समान परिस्थिति वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हक का सवाल खड़ा हो गया है।
कर्मचारियों की वार्षिक वेतनवृद्धि 1 जुलाई को देय थी, लेकिन 30 जून को सेवानिवृत्त होने के कारण उन्हें इसका लाभ नहीं दिया गया। हाई कोर्ट ने कहा कि वार्षिक वेतनवृद्धि अग्रिम भुगतान नहीं, बल्कि वर्षभर की सेवा का प्रतिफल है। महाराष्ट्र नागरी सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2009 के नियम 10 के तहत छह महीने की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारी वेतनवृद्धि के पात्र हैं।
न्यायमूर्ति रविंद्र घुगे और न्यायमूर्ति हितेन वेणेगांवकर की पीठ ने अंतिम वेतन में वेतनवृद्धि जोड़कर पेंशन की पुनर्गणना करने तथा बकाया अंतर 90 दिनों में चुकाने का आदेश दिया है।
हर कर्मचारी कोर्ट क्यों जाए?
अदालत ने जब नियम की स्थिति स्पष्ट कर दी है, तो समान परिस्थिति वाले हजारों कर्मचारियों को अलग-अलग अदालत जाने के लिए मजबूर क्यों किया जाए? सरकार को हाई कोर्ट के फैसले को आधार बनाकर ऐसे सभी मामलों की स्वतः समीक्षा करनी चाहिए और पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वेतनवृद्धि तथा संशोधित पेंशन का लाभ देना चाहिए।
100 कर्मचारियों को न्याय मिल गया, अब सवाल है-बाकी हजारों के लिए सरकार को और किस आदेश का इंतजार है?

अन्य समाचार