मुख्यपृष्ठअपराधपद की जिम्मेदारी राज्यमंत्री दर्जा की, लेकिन नशे के बढ़ते कारोबार पर बेबस...

पद की जिम्मेदारी राज्यमंत्री दर्जा की, लेकिन नशे के बढ़ते कारोबार पर बेबस हैं जिला पंचायत अध्यक्ष!

-तीन नाबालिग बच्चियों से जुड़ी घटनाओं ने झकझोरा, एसपी कार्यालय पहुंचीं गीता रघुवंशी, बोलीं– नशे की जड़ पर प्रहार जरूरी

विदिशा / दीपक तिवारी

जिले में नाबालिग बच्चियों के साथ सामने आईं तीन गंभीर और शर्मनाक घटनाओं ने एक बार फिर कानून व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं से आहत राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और पूरे मामले पर गंभीर चिंता जताई।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जिले में हाल ही में हुई तीन घटनाएं बेहद पीड़ादायक हैं। इनमें एक छोटी बच्ची सहित दो अन्य नाबालिग बच्चियां प्रभावित हुई हैं। इन घटनाओं ने न केवल पीड़ित परिवारों को गहरे सदमे में पहुंचाया है, बल्कि पूरे समाज को आत्ममंथन करने के लिए मजबूर कर दिया है।
नशे का बढ़ता प्रकोप बन रहा गंभीर चिंता
श्रीमती रघुवंशी ने इन घटनाओं के पीछे नशे के बढ़ते प्रकोप को एक प्रमुख चिंता बताते हुए कहा कि नशे की लत युवाओं और किशोरों को गलत दिशा में धकेल रही है। नशे के अड्डों और इस अवैध गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाए बिना सामाजिक वातावरण को सुरक्षित बनाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की जड़ तक पहुंचकर कारणों पर ठोस कार्रवाई करना जरूरी है।
एसपी का 15 दिवसीय अभियान, अध्यक्ष ने किया स्वागत
पुलिस अधीक्षक ने नशे के अड्डों के खिलाफ 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाने की बात कही है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है, लेकिन केवल प्रशासनिक कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समाज और परिवारों को भी आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि बच्चों की गतिविधियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं देना और परिवारों में संवाद की कमी भी कई समस्याओं को बढ़ावा दे सकती है। अभिभावकों को बच्चों के व्यवहार, संगति और गतिविधियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
पद पर हूं, फिर भी ऐसी घटनाओं से मन दुखी और असहाय
जिला पंचायत अध्यक्ष ने भावुक होते हुए कहा कि पद और जिम्मेदारी होने के बावजूद जब जिले में इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं तो मन बेहद दुखी और असहाय महसूस करता है। यह केवल प्रशासन या किसी एक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक चुनौती है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे और महिलाओं-बच्चियों के विरुद्ध होने वाली आपराधिक प्रवृत्तियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएं। बच्चों की सुरक्षा, जागरूकता और बेहतर सामाजिक वातावरण के लिए हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए।
अब सवाल यह है कि 15 दिन का विशेष अभियान नशे के अड्डों पर कितना प्रभावी प्रहार कर पाएगा? विदिशा को सुरक्षित बनाने के लिए केवल अभियान की घोषणा नहीं, बल्कि निरंतर कार्रवाई और जवाबदेही भी जरूरी है।

अन्य समाचार