योगेश कुमार सोनी / पूर्वी दिल्ली
श्री गीता जयंती समारोह समिति द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अंतर्गत ‘तरंग’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज एवं सुरक्षा व्यवस्था के क्षेत्र में विशिष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शाहदरा जिले के डीसीपी आर.पी. मीणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और समाज के प्रति योगदान की सराहना की। डीसीपी आर.पी. मीणा ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्यों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाना अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी है। ‘तरंग’ कार्यक्रम के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों को मंत्रमुग्ध किया। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को मंच से सम्मान देकर उनके मनोबल को बढ़ाया गया। श्री गीता जयंती समारोह समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, कर्तव्य, सद्भाव और मानव मूल्यों को प्रोत्साहित करने का भी अवसर है। इसी भावना के तहत सराहनीय सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
