हिमांशु राज
विवेक वासवानी ने जब व्योम की आंखों में वही चमक देखी जो उन्होंने शाहरुख़ ख़ान में पहली बार महसूस की थी, तो एक पुरानी याद ताज़ा हो गई। शाहरुख़ के शुरुआती दिनों में मार्गदर्शक रहे वासवानी ने कहा कि व्योम में भी वही भूख, लगन और सीखने की चाह है जो एक सच्चे कलाकार की पहचान होती है।
“मैं तुलना करना पसंद नहीं करता, लेकिन व्योम में वह चमक है जो उन्हें एक नया सितारा बनाती है,” वासवानी ने कहा।
यह तारीफ़ उस वक्त आई जब क्यूरियस आइज़ सिनेमा की फ़िल्म ‘मन्नू क्या करेगा?’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ। संजय त्रिपाठी निर्देशित इस फिल्म का निर्माण शरद मेहरा ने किया है। व्योम और साची बिंद्रा पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगे।
फ़िल्म में विनय पाठक, कुमुद मिश्रा, राजेश कुमार और चारु शंकर जैसे अनुभवी कलाकार भी हैं, जो कहानी को मजबूती देते हैं। ललित पंडित के संगीत ने ट्रेलर की तारीफों में चार चांद लगा दिए हैं।
12 सितंबर 2025 को रिलीज़ होने वाली ‘मन्नू क्या करेगा?’ व्योम के लिए सिर्फ शुरुआत नहीं, बल्कि बॉलीवुड में चमकते सितारे की दस्तक है।
