राजेश सरकार / प्रयागराज
जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर मेजा थाना क्षेत्र में प्रेमिका संग योजना बनाकर प्रेमी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में 2 महिलाएं शामिल हैं। हत्यारे प्रेमी और उसके दोस्त ने घर में घुसकर लोहे की रॉड से गर्लफ्रेंड के ताऊ और 2 चाचियों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा। खून से लथपथ शव घर के अहाते से लेकर बाहर तक पड़े मिले। वारदात के समय घर में 4 लोग मौजूद थे। एक 60 साल की महिला भी घर में थी, लेकिन वह सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि गर्लफ्रेंड का ताऊ और दोनों चाचियां हमारे अफेयर का विरोध करती थीं। हम दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन ये लोग शादी नहीं होने दे रहे थे। इसके बाद मैंने गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर मर्डर करने का प्लान बनाया।
वारदात मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात हुई। मंगलवार सुबह पड़ोसियों को ट्रिपल मर्डर का पता चला। पुलिस के मुताबिक, श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू (65) और उनके दो भाइयों की पत्नियां अमरावती (58) व इंद्रावती (55) मृत मिली थीं।
चंद घंटों में पकड़ लिए गए दोनों हत्यारे
पुलिस ने ट्रिपल मर्डर के 9 घंटे बाद मुख्य आरोपी हिमांशु यादव और उसके साथी गौतम को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि हिमांशु अपने साथी के साथ कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में हिमांशु ने बताया कि वह नेहा से प्यार करता है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन नेहा के ताऊ और दो चाची इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे। उनकी वजह से ही नेहा, उससे दूर हो गई। नेहा को 4 महीने पहले उसके मामा के घर भेज दिया गया था। हिमांशु ने उन लोगों से कई बार बात की। समझाया भी और मनाने की कोशिश की, लेकिन वो लोग नहीं माने। इसी बात से नाराज होकर मैंने अपने साथी के साथ मिलकर तीनों को मौत के घाट उतार दिया।
