अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के गया जिला अंतर्गत गुरुआ बाजार स्थित एक आभूषण दुकान से करीब पैंतालीस लाख के सोने और नकदी की चर्चित डकैती मामले में गया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात आमस थाना क्षेत्र के बनाही बालू घाट के पास पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है।इस मुठभेड़ के दौरान दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में गया के वरीय पुलिस अधीक्षक ने गुरुआ के चर्चित सोना लूट कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से हथियार, कारतूस, लूट का सोना और नकदी बरामद की गई है। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुरुआ थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सोना लूट कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गुरुआ थाना कांड संख्या 207/26 में छापेमारी के दौरान पुलिस एवं विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की अपराधियों से चलहोपुर पहाड़ी हथिया डैम के समीप मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस और एसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अपराधी घायल हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झौर थाना शेरघाटी निवासी सुजीत कुमार एवं आमस थाना बनाही निवासी श्रवण कुमार के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है और उनका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक, लूटे गए सोने के लगभग 40 छोटे-बड़े आभूषण तथा 30 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। सुजीत कुमार के खिलाफ शेरघाटी और बाराचट्टी थानों में कई मामले दर्ज हैं, जबकि श्रवण कुमार के विरुद्ध इमामगंज थाना में भी आपराधिक कांड दर्ज हैं। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि सोना लूट कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
