मुख्यपृष्ठअपराधउधार चुकता करने के विवाद में दुकानदार को पड़ोसी युवक ने मारी...

उधार चुकता करने के विवाद में दुकानदार को पड़ोसी युवक ने मारी गोली

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर के नैनी थाना क्षेत्र स्थित दक्षिणी लोकपुर बस्ती में उधार के रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक दुकानदार को गोली मार दिए जाने का मामला सामने आया है। गोली दुकानदार के घुटने के नीचे लगी और आर-पार निकल गई। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। गोली चलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायल दुकानदार को परिजनों ने तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर नैनी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, दक्षिणी लोकपुर निवासी अनिल कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय सूर्य नारायण सिंह अपने घर में किराने की दुकान संचालित करते हैं। अनिल का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले शिवम शर्मा पर करीब तीन हजार रुपये का उधार काफी समय से बकाया था। वह कई बार उससे रुपये वापस करने की मांग कर चुके थे, लेकिन भुगतान नहीं किया जा रहा था। बताया जाता है कि सोमवार देर रात शिवम शर्मा बकाया रकम चुकाने के लिए अनिल की दुकान पर पहुंचा। इस दौरान उसने तीन हजार रुपये के बजाय केवल ढाई हजार रुपये देने की कोशिश की। अनिल ने पूरी रकम की मांग की, जबकि शिवम ने शेष पांच सौ रुपये बाद में देने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान शिवम ने तमंचा निकालकर अनिल पर फायर कर दिया। गोली लगते ही अनिल जमीन पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से भाग निकला। गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल दुकानदार से घटना की जानकारी लेने के साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। नैनी पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।

अन्य समाचार

इन दिनों