सामना संवाददाता / मुंबई
नई मुंबई मनपा चुनाव में वन मंत्री गणेश नाईक और भाजपा विधायक मंदा म्हात्रे के बीच खुली लड़ाई शुरू हो गई है। भाजपा विधायक मंदा म्हात्रे ने वन मंत्री गणेश नाईक को चुनौती दी है कि अगर नई मुंबई मनपा चुनाव में भाजपा १११ सीट जीत लेगी तो मैं विधायक पद से इस्तीफा दे दूंगी।
गौरतलब हो कि गत मंगलवार को नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख थी। भाजपा विधायक मंदा म्हात्रे ने आरोप लगाया कि संजीव नाईक द्वारा १३ उम्मीदवारों का नामांकन पत्र दिया गया। लेकिन उसके साथ एबी फार्म नहीं दिया गया। जिसके कारण मंदा म्हात्रे और गणेश नाईक के बीच चल रही लड़ाई खुले तौर पर सड़क पर आ गई है और दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
मंदा म्हात्रे ने एक प्रेस कान्फ्रेंस करके गणेश नाईक और संजीव नाईक की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘हमने १११ सीटें नहीं मांगी थीं, बल्कि २० ऐसी सीटें मांगी थीं जहां कोई कॉर्पोरेटर नहीं है। इनमें से १३ सीटें दी गईं। यह मुख्यमंत्री और पूर्व सांसद संजीव नाईक से बात करने के बाद तय हुआ था। हालांकि, मेरे बेटे को उम्मीदवारी देने से वे शायद नाराज हो गए होंगे। संजीव नाईक ने मेरा फोन नहीं उठाया, जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश पाटील ने १३ फॉर्म दिए लेकिन उन पर साइन नहीं किए,’ ऐसा मंदा म्हात्रे ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा।
