मुख्यपृष्ठनए समाचारवोटर लिस्ट में नाम नहीं तो लोकतंत्र में भागीदारी कैसे?

वोटर लिस्ट में नाम नहीं तो लोकतंत्र में भागीदारी कैसे?

 -छूटे नाम जोड़ने को प्रशासन का विशेष अभियान

राजेश सरकार / प्रयागराज

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान का अधिकार पाने वाले युवाओं को सूची में शामिल करने के लिए प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को संगम सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए।
निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को शामिल कराने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान को प्रभावी बनाने की अपील करते हुए कहा कि नए मतदाताओं को पंजीकरण के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र नागरिकों को मताधिकार से वंचित न रहना पड़े।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थलों की सूची भी सौंपी
बैठक में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों से संबंधित विषय पर भी जानकारी दी गई। आयोग से अनुमोदित और रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा अंतिम रूप से प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूची की प्रतियां उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन उपमा पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अन्य समाचार