रवींद्र मिश्रा / मुंबई
मुंबई की अधिष्ठात्री देवी मां मुंबादेवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मुंबादेवी मंदिर के प्रबंधक श्री हेमन्त जाधव के अनुसार मंदिर में ११अक्टूबर रविवार से लेकर २१अक्टूबर बुधवार तक नौ दिवसीय नवरात्र उत्सव का आयोजन किया गया है।इस उत्सव के दौरान रविवार ११अक्टूबर को सुबह साढ़े ५ बजे मंगला आरती के साथ मां का मंदिर देवी भक्तों को दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। मंदिर ट्रस्टियों की उपस्थिति में मंदिर पुजारी सुबह ९ से ९बज कर २०मिनट पर शुभ मुहूर्त में मंदिर में वैदिक रीति रिवाज से मंदिर में घट स्थापना करेंगे। नवरात्रि उत्सव के दौरान मंदिर प्रबंधन द्वारा अनुबंधित२५ पुजारी क्रम से माता के दुर्गा सप्तशती पाठ करेंगे। मंदिर प्रतिदिन भक्तों के दर्शन के लिए सुबह साढ़े ५ से लेकर रात १०तक खुला रहेगा। १५अक्टूबर गुरुवार को ललिता पंचमी के अवसर पर मंदिर में शाम को दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसी तरह २०अक्टूबर मंगलवार को विश्व कल्याण के लिए मंदिर में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा नवचंडी हवन यज्ञ का आयोजन किया गया है।यह यज्ञ सुबह साढ़े पांच बजे शुरू होगा तथा दोपहर को ११ साढ़े ११ के बीच समापन होगा २१अक्टूबर बुधवार को दशहरा त्योहार मनाया जाएगा। मुंबादेवी मंदिर में प्रतिवर्ष भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने भक्तों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किया है। भक्तों को धूप से बचने के लिए मंडप तथा पीने के लिए पानी तथा शर्बत की व्यवस्था की गई है। किसी भी इमरजेंसी घटना के अंबुलेंस के साथ डाक्टर की टीम तैनात किए गए हैं। मंदिर के स्वयं सेवकों के साथ स्थानीय पुलिस टीम की तैनाती की गई है। मंदिर प्रबंधन की ओर से वरिष्ठ नागरिकों गर्भवती महिलाओं तथा दिव्यांगो को दर्शन की अलग व्यवस्था की गई है। दर्शनार्थियों की सुरक्षा के लिए मेन गेट पर स्कैनर डिक्टेटर तथा हैड डिटेक्टर के साथ सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। मंदिर प्रबंधन ने दर्शनार्थियों से अपील कर कहा है कि वे उत्सव के दौरान अपने साथ भारी सामान लेकर दर्शन के लिए न आएं। जैसा कि लोगों को मालूम है कि मुंबादेवी मुंबईकरों की अधिष्ठात्री देवी हैं।इस लिए यहां आने वाला प्रत्येक भक्त मां का आशीर्वाद ले कर ही अपने नये काम धंधे की शुरुआत करता है।
