मुख्यपृष्ठस्तंभअंदर की बात: और सत्ता से सड़क तक दिखाई देती सियासत!

अंदर की बात: और सत्ता से सड़क तक दिखाई देती सियासत!

राजन पारकर

महाराष्ट्र की राजनीति, मुंबई की सड़क और बिहार की इंसानियत, तीनों जगह से आई तीन अलग-अलग खबरें आज एक ही सवाल पूछ रही हैं। कहीं सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने के लिए निष्ठा छोटी पड़ रही है, कहीं एक मासूम की जिंदगी सड़क की लापरवाही की भेंट चढ़ रही है और कहीं प्रादेशिकता की दीवारों को इंसानियत ने एक झटके में गिरा दिया है। राजनीति के गलियारों में चर्चा है कि इन तीनों घटनाओं को अलग-अलग देखकर असली तस्वीर समझना मुश्किल है; इन्हें एक साथ देखिए तो व्यवस्था का चेहरा साफ दिखाई देता है।
‘साहब के चरण छुए और मंत्री बन गए!’.
निष्ठावान कार्यकर्ता अब किस दरवाजे पर जाए? मंत्री पद न मिलने की नाराजगी जब बंद कमरे से निकलकर सार्वजनिक मंच तक पहुंच जाए तो समझ लेना चाहिए कि मामला केवल एक व्यक्ति की महत्वाकांक्षा का नहीं, बल्कि भीतर जमा असंतोष का भी है। विधायक सदाभाऊ खोत ने जिस अंदाज में अपनी पीड़ा व्यक्त की, उसने महाराष्ट्र की राजनीति में एक पुराना सवाल फिर खड़ा कर दिया है, पार्टी के लिए वर्षों तक मेहनत करनेवाले कार्यकर्ता की कीमत कितनी और सत्ता के दरबार में अचानक दाखिल होने वाले ‘सरदार’ की कीमत कितनी? उनका आरोप है कि कुछ लोग बाहर से आए, साहब के चरण छुए और सीधे मंत्री बन गए, जबकि निष्ठावान लोग देखते रह गए। वाह रे राजनीति! जिस कार्यकर्ता ने चुनाव में पोस्टर लगाए, सभा में भीड़ जुटाई, धूप में झंडा उठाया और पार्टी के लिए नारे लगाए, वह सत्ता आने के बाद शायद इतना ही पूछ सकता है, ‘साहब, मेरा नंबर कब आएगा?’ राजनीतिक गलियारों में कानाफूसी है कि राजनीति में निष्ठा का प्रमाणपत्र बहुत लंबा हो सकता है, लेकिन सत्ता की सीढ़ी कभी-कभी बहुत छोटी होती है, बस सही समय पर सही व्यक्ति के चरणों तक पहुंचना आना चाहिए! लेकिन सवाल यह भी है कि यदि पार्टी में वर्षों की निष्ठा के बाद भी कार्यकर्ता को अवसर नहीं मिलता तो वह आखिर किस चीज पर विश्वास करे? विचारधारा पर, निष्ठा पर या फिर राजनीतिक दरबार के नए समीकरणों पर? आज सदाभाऊ खोत नाराज हैं। कल कोई और नाराज होगा। परसों कोई टिकट कटने की चर्चा में होगा और चुनाव आते-आते वही नाराज कार्यकर्ता फिर पार्टी का सबसे बड़ा ‘निष्ठावान सिपाही’ घोषित कर दिया जाएगा! यही तो राजनीति की सबसे मजेदार और सबसे कड़वी अंदर की बात है।
बांद्रा की सड़क पर मासूम की मौत, गाड़ी तेज थी या हमारी संवेदनाएं धीमी हो गईं?
मुंबई के बांद्रा-पश्चिम में तेज रफ्तार इनोवा की चपेट में आने से नौ वर्षीय बच्चे अंश रवींद्र गुप्ता की मौत ने हर संवेदनशील व्यक्ति को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में महिला चालक को गिरफ्तार किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी द्वारा चालक के मोबाइल फोन पर बात करने का दावा किया गया है; इस दावे की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। लेकिन एक बात की पुष्टि के लिए किसी जांच की जरूरत नहीं है—एक परिवार का संसार उजड़ गया है। मोबाइल फोन पर एक कॉल, एक क्षण की असावधानी और एक मासूम जिंदगी खत्म! अब कानून अपना काम करेगा। पुलिस जांच करेगी। अदालत में मामला जाएगा। आरोप सिद्ध हुए तो सजा भी हो सकती है। लेकिन उस परिवार से कोई यह पूछे कि उनके बच्चे की जगह अदालत की सजा उन्हें कितनी राहत दे पाएगी?
मुंबई की सड़कों पर कुछ लोग गाड़ी नहीं चलाते, मानो युद्ध लड़ रहे हों। लाल बत्ती उन्हें निमंत्रण लगती है, गति सीमा मजाक लगती है और मोबाइल फोन स्टेयरिंग से भी ज्यादा जरूरी! अरे भाई! गाड़ी आपके पास है, सड़क आपकी निजी जागीर नहीं!
आपके पास महंगी कार हो सकती है, लेकिन सड़क पर चलने वाले बच्चे की जिंदगी उससे सस्ती नहीं हो जाती।
हर दुर्घटना के बाद बयान आते हैं कि ‘कड़ी कार्रवाई होगी।’ कार्रवाई होनी भी चाहिए। मगर असली जरूरत उस मानसिकता पर कार्रवाई की है, जो वाहन को सुविधा नहीं बल्कि शक्ति समझती है। आज एक अंश चला गया। कल किसी और का बच्चा न जाए, यही इस घटना से समाज को सीखना होगा। रफ्तार पर गर्व करने वालों को याद रखना चाहिए, सड़क पर जीतनेवाली गाड़ी नहीं, सुरक्षित घर लौटने वाला इंसान महत्वपूर्ण है।
‘बिहारी’ कहकर गाली देने से पहले बिहार का यह आईना देखिए, मुसीबत में इंसानियत ने पहचान पूछी ही नहीं!
महाराष्ट्र के कुछ नागरिक नेपाल की बाढ़ में फंस गए। बाद में उन्हें बिहार लाया गया, जहां उनके भोजन और देखभाल की व्यवस्था की गई। इस मानवीय व्यवहार से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। अब जरा उन लोगों को बुलाइए, जो महाराष्ट्र में बैठे-बैठे बिहारियों और उत्तर भारतीयों को गालियां देने में अपनी वीरता समझते हैं!बिहार की धरती ने एक ऐसा जवाब दिया है, जिसे किसी राजनीतिक भाषण की जरूरत नहीं। आपदा आई तो किसी ने यह नहीं पूछा कि तुम मराठी हो या बिहारी। किसी ने आधार कार्ड देखकर भोजन नहीं दिया। किसी ने भाषा की परीक्षा नहीं ली। संकट में फंसे इंसान को इंसान समझकर मदद की गई।
यही भारत है! राजनीति ने हमें महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, दक्षिण भारत और न जाने कितने खानों में बांट दिया। लेकिन प्राकृतिक आपदा आते ही प्रकृति एक ही पहचान पूछती है, तुम इंसान हो या नहीं? राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि प्रादेशिक अस्मिता चुनाव के समय खूब बिकती है। भाषणों में इसका बाजार गर्म रहता है। लेकिन जब बाढ़ आती है तो नारे पानी में बह जाते हैं और इंसानियत किनारे पर खड़ी रह जाती है। इसलिए किसी बिहारी को गाली देने से पहले बिहार में महाराष्ट्र के नागरिकों के लिए खड़े हुए उन लोगों को देखिए और महाराष्ट्र में रहने वाले किसी उत्तर भारतीय को केवल उसके प्रदेश के नाम से नीचा दिखाने से पहले यह याद रखिए कि आपदा में आपके अपने राज्य का नाम नहीं, आपका इंसानी चेहरा काम आएगा।
महाराष्ट्र की संस्कृति ने हमेशा ‘अतिथि देवो भव:’ और मानवता का सम्मान किया है। बिहार ने भी संकट के समय वही भावना दिखाई है तो फिर झगड़ा किस बात का?रोटी एक है, आंसू एक हैं, दर्द एक है और देश भी एक है।
एक तरफ सत्ता में मंत्री बनने की दौड़ है, जहां निष्ठा और राजनीतिक समीकरण आमने-सामने खड़े हैं। दूसरी तरफ मुंबई की सड़क है, जहां एक क्षण की लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और तीसरी तरफ बिहार की धरती है, जहां प्रादेशिक राजनीति से ऊपर उठकर इंसानियत ने महाराष्ट्र के नागरिकों का हाथ थामा। अब पैâसला जनता को करना है कि उसे वैâसी राजनीति चाहिए। चरण छूकर मिलने वाली कुर्सी, लापरवाही से चलनेवाली गाड़ी या संकट में थामनेवाला इंसान का हाथ? राजनीति आती-जाती रहेगी। मंत्री बदलते रहेंगे। टिकट कटेंगे और नए टिकट मिलेंगे। कुर्सियां बदलेंगी और समीकरण भी बदलेंगे, लेकिन निष्ठा की कीमत खत्म नहीं होनी चाहिए, सड़क पर जिंदगी सस्ती नहीं होनी चाहिए और प्रदेश के नाम पर इंसानियत की हत्या नहीं होनी चाहिए, क्योंकि आखिरकार, कुर्सी पर बैठनेवाला नेता बड़ा नहीं होता;
संकट में खड़ा होने वाला इंसान बड़ा होता है और यही आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

अन्य समाचार