-पाठकों के सवाल, निवेश गुरु के जवाब
भरतकुमार सोलंकी / मुंबई
पिछले सप्ताह ‘निवेश गुरु’ कॉलम में मेडिक्लेम और आर्थिक सुरक्षा पर प्रकाशित लेख के बाद अनेक पाठकों ने व्हॉट्सऐप और फोन के माध्यम से अपने सवाल भेजे। कई ऐसे पाठक भी होंगे जो नियमित रूप से यह कॉलम पढ़ते हैं, लेकिन किसी कारणवश उनके सवाल हम तक नहीं पहुंच पाते। इसलिए आज की शुरुआत एक ऐसे सवाल से करते हैं जो सबसे अधिक पूछा गया।
क्या मेडिक्लेम लेना चाहिए या नहीं?
बिल्कुल लेना चाहिए, लेकिन समय रहते। अर्थात जब आप स्वस्थ हो, क्योंकि अस्वस्थ होने के बाद कोई भी बीमा कंपनी आपको सामान्य शर्तों पर हेल्थ इंश्योरेंस कवरेज नहीं देती। यही सबसे बड़ी भूल अधिकांश लोग करते हैं। जब तक शरीर स्वस्थ रहता है, तब तक लोग मेडिक्लेम को टालते रहते हैं। लेकिन जैसे ही किसी गंभीर बीमारी का पता चलता है, तब सबसे पहले बीमा खरीदने की याद आती है। दुर्भाग्य से उसी समय बीमा लेना सबसे कठिन हो जाता है। कहीं प्रस्ताव अस्वीकार हो जाता है, कहीं बीमारी पर स्थायी बहिष्करण (एक्सक्लूशन) लग जाता है, तो कहीं प्रीमियम बहुत अधिक हो जाता है।
अब स्वयं से एक सवाल पूछिए। क्या आप घर में आग लगने के बाद अग्नि बीमा करवाते हैं? क्या दुर्घटना होने के बाद वाहन बीमा खरीद सकते हैं? यदि नहीं, तो फिर बीमारी आने के बाद हेल्थ इंश्योरेंस मिलने की उम्मीद क्यों रखते हैं?
एक और सवाल भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यदि कल अचानक पांच, दस या पच्चीस लाख रुपए का अस्पताल खर्च सामने आ जाए तो क्या आपकी वर्षों की बचत सुरक्षित रहेगी? या फिर आपको सोना, ज्वेलरी, म्यूचुअल फंड, शेयर, बैंक जमा अथवा अन्य निवेश तोड़ने पड़ेंगे? और यदि वह भी पर्याप्त न हों तो क्या कर्ज लेना पड़ेगा?
याद रखिए, मेडिक्लेम का उद्देश्य केवल अस्पताल का बिल भरना नहीं है। उसका सबसे बड़ा उद्देश्य आपकी बनाई हुई संपत्ति को सुरक्षित रखना है। आपकी निवेश यात्रा बीच में न टूटे, आपकी रिटायरमेंट योजना प्रभावित न हो और आपकी अगली पीढ़ी पर इलाज का कर्ज न छोड़ा जाए-यही एक अच्छी हेल्थ इंश्योरेंस योजना का वास्तविक महत्व है। इसलिए मेडिक्लेम को खर्च नहीं, बल्कि अपनी सम्पत्ति की सुरक्षा का सुरक्षा कवच समझिए। स्वस्थ रहते हुए लिया गया सही निर्णय भविष्य में आपकी वर्षों की मेहनत बचा सकता है।
अब आपकी बारी
यदि आपके मन में वित्त, बीमा, बचत, निवेश, रिटायरमेंट प्लानिंग, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार या आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा कोई भी प्रश्न हो, तो उसे व्हॉट्सऐप पर भेजिए। चयनित प्रश्नों के उत्तर ‘निवेश गुरु’ कॉलम की अगली कड़ियों में प्रकाशित किए जाएंगे, ताकि हजारों पाठकों को भी उसका लाभ मिल सके।
‘सही प्रश्न ही सही निवेश की पहली सीढ़ी है।’
(लेखक आर्थिक निवेश मामलों के विशेषज्ञ हैं)
