-परिवार को दस लाख की आर्थिक मदद और बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा की मांग
राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर के पत्रकार मोहम्मद रिजवान की ब्लड कैंसर से हुई मौत के बाद गुरुवार शाम नैनी के मेवालाल बगिया चौराहे पर कैंडल जलाकर दिवंगत पत्रकार को स्थानीय पत्रकारों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। स्थानीय व्यापारियों ने भी भागीदारी करते हुए पत्रकार रिजवान के निधन पर शोक जताया। इस दौरान पत्रकारों ने कहा कि स्वर्गीय रिजवान ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज की आवाज को प्रमुखता से उठाया। असमय उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा न हो, इसके लिए सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
इस दौरान पत्रकारों की ओर से स्वर्गीय मोहम्मद रिजवान के परिवार को सरकार की ओर से दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने तथा उनके बच्चों की निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई। इस संबंध में पत्रकारों ने एसीपी करछना को ज्ञापन सौंपकर सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने का आग्रह किया।
शोक श्रद्धांजलि में शामिल पत्रकारों और व्यापारियों ने दिवंगत रिजवान के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
