मुख्यपृष्ठअपराधजॉर्जटाउन पुलिस की 'फर्जी' एफआईआर पर भड़के वकील... जिला कचहरी के बाहर टायर...

जॉर्जटाउन पुलिस की ‘फर्जी’ एफआईआर पर भड़के वकील… जिला कचहरी के बाहर टायर जलाकर चक्काजाम

राजेश सरकार / प्रयागराज

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में खाकी और काले कोट के बीच एक बार फिर आर-पार की जंग छिड़ गई है। जॉर्जटाउन थाना पुलिस द्वारा वकीलों पर कथित रूप से दर्ज किए गए एक फर्जी मुकदमे के विरोध में बुधवार सुबह जिला कचहरी के बाहर वकीलों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित अधिवक्ताओं के एक बड़े समूह ने सुबह करीब 11:30 बजे मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और बीच सड़क पर टायरों में आग लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन और नारेबाजी की।
विवाद की असली वजह: मकान कब्जा और पुलिस का ‘उल्टा खेल’
पूरी घटना की तह में जाने पर पता चला है कि यह विवाद जिला अदालत के एक अधिवक्ता ओम मिश्रा के जॉर्जटाउन स्थित मकान को लेकर है। आरोप है कि मकान में एक रेस्टोरेंट संचालक ने लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा है, जिसका न तो किराया दिया गया और न ही पानी का बिल।बार-बार की शिकायतों पर भी जब स्थानीय पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया, तो मकान मालिक ने दो दिन पहले अपने मकान में ताला जड़ दिया। पुलिस दोनों पक्षों को जॉर्जटाउन थाने ले गई, जहां रेस्टोरेंट संचालक ने दो दिन में बकाया चुकाने का लिखित आश्वासन दिया। लेकिन खेल तब पलट गया जब पुलिस ने पीड़ित मकान मालिक और उनके साथ गए अधिवक्ताओं पर ही उल्टा मुकदमा दर्ज कर दिया। इसी ‘उल्टी कार्रवाई’ की भनक लगते ही बुधवार सुबह पूरी कचहरी सुलग उठी।
कर्नलगंज पुलिस और डीसीपी सिटी ने संभाला मोर्चा
कचहरी रोड पर चक्काजाम और टायर जलने की सूचना मिलते ही कर्नलगंज थाने की पुलिस और आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क से जलते हुए टायरों को हटवाया और रास्ता साफ कराया। इसके बाद डीसीपी सिटी ने खुद मोर्चा संभाला और प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं से बात कर उनकी गंभीर शिकायतें सुनीं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने वकीलों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और जल्द से जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया।
 वकीलों की दो टूक: जॉर्जटाउन एसएचओ पर लगे गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का साफ कहना है कि जॉर्जटाउन पुलिस ने बिना किसी निष्पक्ष जांच के दबाव में आकर वकीलों को निशाना बनाया है। वकीलों ने जॉर्जटाउन थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मांग की है कि इस फर्जी मुकदमे को तुरंत वापस लिया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन हो, वरना यह आंदोलन और उग्र रूप अख्तियार करेगा।

अन्य समाचार