राजेश सरकार / प्रयागराज
नैनी के अति व्यस्त स्टेशन रोड पर रात में भारी डम्पर और ट्रक मौत बनकर दौड़ रहे हैं।मेवालाल बगिया चौराहे से नैनी स्टेशन की ओर जाने वाले स्टेशन रोड पर रात के समय ओवरलोड ट्रकों का बेखौफ आवागमन स्थानीय लोगों के लिए गंभीर मुसीबत बन गया है। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र से भारी वाहनों का लगातार गुजरना कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है।
हाईवे छोड़ शॉर्टकट अपना रहे ट्रक चालक
स्थानीय निवासियों का गंभीर आरोप है कि ट्रक चालक मिर्जापुर हाईवे का उपयोग करने के बजाय टोल या दूरी बचाने के चक्कर में स्टेशन रोड को शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इस मार्ग के दोनों ओर हजारों परिवार निवास करते हैं। रात के सन्नाटे में इन भारी और ओवरलोड वाहनों की तेज गति और गड़गड़ाहट से लोगों का सोना दूभर हो गया है।
पहले भी हो चुका है हादसा, नहीं जागा प्रशासन
क्षेत्रवासियों ने याद दिलाया कि यह लापरवाही नई नहीं है। इससे पहले भी इसी मार्ग पर एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट चुका है,जिससे भारी नुकसान हुआ था। उस समय बाल-बाल जान बची थी, लेकिन प्रशासन ने इस घटना से कोई सबक नहीं लिया। बिना किसी रोक-टोक के इन ट्रकों का आना-जाना बदस्तूर जारी है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और यातायात विभाग से पुरजोर मांग की है कि घनी आबादी वाले इस रिहायशी मार्ग पर भारी व ओवरलोड वाहनों के प्रवेश पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। लोगों का कहना है कि मेवा लाल बगिया चौराहे पर शनिवार को पुलिस ही रात के समय यहां भारी वाहनों को स्टेशन रोड की जाने दे रही थी, जबकि नियमों को ताक पर रखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी बेगुनाह की जान जाने से पहले सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
