मुख्यपृष्ठनए समाचारनैनी की ऐतिहासिक रामलीला को भव्य बनाने की रणनीति तैयार...राजतिलक पर होगा...

नैनी की ऐतिहासिक रामलीला को भव्य बनाने की रणनीति तैयार…राजतिलक पर होगा सांस्कृतिक धमाका!

राजेश सरकार / प्रयागराज

प्रभु श्री राम की पावन लीला को इस वर्ष अभूतपूर्व गरिमा, दिव्यता और सुव्यवस्थित ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए नैनी में हलचल तेज हो गई है। रविवार को यहां के प्रसिद्ध ‘अभिनंदन गेस्ट हाउस’ में नैनी की सबसे प्रमुख और प्रतिष्ठित ‘सार्वजनिक रामलीला समिति ट्रस्ट (रजि.)’ के पदाधिकारियों, संरक्षकों और प्रबुद्ध सदस्यों की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाज सेवी लक्ष्मी कांत तिवारी ने की।
40 वर्षों की गौरवशाली परंपरा
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के ऊर्जावान अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने इसके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “यह नैनी की सबसे प्राचीन और गौरवशाली रामलीला है, जिसकी नींव लगभग 40 वर्ष पहले श्रद्धेय स्वर्गीय प्राण नाथ चड्ढा ने रखी थी। पिछले 10 वर्षों से इस विरासत को संभालने का दायित्व हमारे कंधों पर है। नैनी की धर्मप्रेमी जनता, स्थानीय व्यापारियों के अटूट विश्वास और समिति के कर्मठ सहयोगियों की बदौलत हर साल इस लीला को नया आयाम मिला है। यही कारण है कि दूर-दूर से लोग इस दिव्य मंचन को देखने खिंचे चले आते हैं।
 इस बार दिखेगा कुछ विशेष : राजतिलक पर सांस्कृतिक उत्सव
अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने आगे बताया कि इस वर्ष की रामलीला बेहद अनूठी और भव्य होगी। प्रयाग उत्थान समिति के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह की ओर से रामलीला को विशेष सहयोग का आश्वासन मिला है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो प्रभु श्री राम के ‘राजतिलक’ के पावन अवसर पर इस बार अतीत के सारे रिकॉर्ड टूटेंगे। राजतिलक के दिन एक विशाल और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही ‘कर्ण घोड़ा’ और ‘रामदल’ की भव्यता को भी नए कलेवर में निखारने पर गहन विचार-विमर्श हुआ है। धर्म और संस्कृति के इस महामंच को सफल बनाने के लिए बैठक में समाज के हर वर्ग के प्रमुख लोग उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से हरिकृष्ण तिवारी उर्फ बब्लू, चंद्रभूषण सिंह, अभिषेक ठाकुर, समर बहादुर सिंह, गुरु प्रसाद उर्फ बुलबुल राव, योगेश सिंह, अजीत जायसवाल, राजन शुक्ला, रजत दुबे, दिलीप केशरवानी, सोनू यादव, मोहम्मद शारिक, विनोद यादव, सचिन वैश्य, आशीष सिंह आशु, राजीव वर्मा, आकाश जायसवाल, पवन उपाध्याय, संजय केसरवानी, अजय श्रीवास्तव, शालू चड्ढा, आकांक्षा जायसवाल और पूजा खेड़ा सहित बड़ी संख्या में रामभक्त और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में रामलीला को अभूतपूर्व बनाने का संकल्प लिया।

अन्य समाचार

चंचल मन