राजेश सरकार / प्रयागराज
प्रयागराज-रीवा हाईवे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घूरपुर थाना क्षेत्र के मनकवार गांव के सामने सब्जी लादकर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में पिकअप चालक रविन्द्र सिंह यादव (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
तड़के 3 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, गाजीपुर जनपद के रेवसड़ा (भांवर कोल) निवासी रविन्द्र सिंह यादव शनिवार देर रात रीवा से पिकअप में सब्जी लादकर प्रयागराज शहर की ओर आ रहे थे। रविवार तड़के करीब 3 बजे जैसे ही उनकी पिकअप घूरपुर के मनकवार गांव के सामने पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सीधे सड़क किनारे खड़े एक डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई।
मशक्कत के बाद निकाला शव
टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों में सो रहे लोग सहमकर जाग गए। ग्रामीण जब घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और चालक खून से लथपथ हालत में केबिन में फंसा हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना घूरपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्र को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद पिकअप के मलबे में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।
