मुख्यपृष्ठनए समाचारसुल्तानपुर में सामूहिक विवाह : ४७७ नवयुगल बंधे जीवन की डोर में

सुल्तानपुर में सामूहिक विवाह : ४७७ नवयुगल बंधे जीवन की डोर में

 -प्रत्येक नववधू को मिले ६४,००० रुपये व २१,००० रुपये के गृहस्थी के सामान

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को अवध के सुल्तानपुर जिला मुख्यालय पर वृहद समारोह आयोजित किया गया। जिसमें 477 नवयुगल विवाह बंधन में बंध गए। इस दौरान कादीपुर व लंभुआ तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से ताल्लुक रखने वाले युवा जोड़ों को सरकारी योजना का लाभ मिला।
इस अवसर पर उच्चपदस्थ सरकारी अधिकारियों के साथ मौजूद कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया। कुल ४७७ जोड़ों में से कादीपुर विधानसभा (चारों ब्लॉक) से १६३ जोड़े, लंभुआ से १५३ व अल्पसंख्यक समुदाय से ६ जोड़े शामिल थे। विधायक ने बताया कि योजना का लाभ केवल उन्हीं लाभार्थियों को मिला, जिनका ब्लॉक स्तर पर समाज कल्याण अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण और सत्यापन किया गया था। इस योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित वधू के खाते में सीधे ६४००० रुपये की धनराशि भेजी जा रही है। इसके अतिरिक्त, २१००० रुपये मूल्य की गृहस्थी सामग्री भी प्रदान की जा रही है। समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार, पहले दिन ऑनलाइन आवेदनों के माध्यम से कुल ४७७ जोड़े पंजीकृत हुए थे, जिनमें ६ जोड़े अल्पसंख्यक (मुस्लिम) समुदाय के और शेष ४७१ जोड़े हिंदू धर्म के थे।
सुल्तानपुर के लिए कुल ८५४ जोड़ों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। भौतिक सत्यापन में पात्र जोड़ों की संख्या अधिक पाए जाने के कारण जिलाधिकारी ने लक्ष्य को बढ़ाकर १०७४ करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। विधायक राजेश गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश को अपना परिवार मानकर कार्य कर रहे हैं। सरकार इन बेटियों को सामग्री और वित्तीय मदद मुहैया करा रही है।
‘सूटकेस’ पर सवाल
सामूहिक विवाह में नववधुओं को सफारी ब्रांड बताकर नए सूटकेस गृहस्थी के सामान के साथ दिए गए। जिनकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि मीडिया ने जब क्रॉस चेक किया तो सूटकेस पर ऊपर से लगाए गए सफारी ब्रांड अंकित स्टिकर हाथ लगते ही उखड़ने लगे। जिससे आयोजकगण बगलें झांकने लगे व जिम्मेदार अफसर जवाबदेही से बचते दिखाई दिये।

अन्य समाचार