मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
बरेली में शुक्रवार को हुए बवाल का मुख्य साजिशकर्ता मानते हुए पुलिस ने शनिवार को मौलाना तौकीर रजा खां समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि शुक्रवार को नमाज के बाद अलग-अलग जगहों पर हिंसक प्रदर्शन हुआ। इसमें अब तक कुल 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं। कोतवाली में पांच, बारादरी में दो, थाना किला, प्रेमनगर और कैंट में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस 39 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस पर पथराव करने वाले आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। बवाल के करीब दो हजार आरोपी बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को नमाज के बाद अचानक बवाल नहीं हुआ, इसके पीछे सोची-समझी साजिश थी। सात दिन पहले से ही माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही थी। यह बातें पुलिस जांच में सामने आई हैं।पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार, खाली कारतूस, पेट्रोल से भरी बोतलें बरामद की हैं।
डीआईजी अजय साहनी ने कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप से पहले मैसेज जारी किए गए, फिर उनका खंडन किया गया। लोगों को मैसेज करके भड़काया गया। मौके पर जो लोग पहुंचे। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार मिले। इन सारे तथ्यों को देखते हुए लग रहा है कि यह सुनियोजित साजिश है। पहले से ही तैयारी करके घटना की गई। फायरिंग और पथराव में 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बवाल के बाद जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। बीएसएनएल क्षेत्रीय कार्यालय के जीएम पंकज पोरवाल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शनिवार को सोशल मीडिया पर जो पत्र वायरल हुआ है, वह सही है। हमें आधिकारिक पत्र मिल गया है। शासन के निर्देश पर इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।बवाल के बाद मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार रात 10:20 बजे वीडियो जारी किया। मौलाना ने मुसलमानों को मुबारकबाद पेश करते हुए घटना को साजिश करार दिया। कहा कि मैं आशिकाने रसूल को मुबारकबाद पेश करता हूं। ऐसे खतरनाक समय में इश्क-ए रसूल के नाम पर आप लोग आए। हमने अमन का रास्ता इख्तियार किया था। मौलाना ने कहा “मैं वहां जाता, नमाज पढ़ता और ज्ञापन देकर लोगों को घर भेज देता, पर हमेशा की तरह मुझे हाउस अरेस्ट कर लिया”। उनके पीछे झूठे लेटरपैड पर उनके नाम से बयान जारी कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई। मौलाना ने पहले ही अपनी गिरफ्तारी का अंदेशा जता दिया था।”
