राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर जोन में रात के वक्त मौत बनकर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले भारी वाहनों ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के शिवराजपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से ट्राई साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 75 वर्षीय मोहनलाल सिंह, निवासी मोजरा मुरका, चित्रकूट के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मोहनलाल सिंह अपने रिश्तेदार के यहां शंकरगढ़ में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए ट्राई साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात भारी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी हालत मौके पर ही गंभीर हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे हादसे के जिम्मेदार वाहन की पहचान की जा सके।
परिजनों के अनुसार, मोहनलाल सिंह परिवार के सम्मानित बुजुर्ग सदस्य थे और शादी समारोह में शामिल होने को लेकर काफी उत्साहित थे। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है। मृतक के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं।
परिजनों ने प्रशासन से हादसा करने वाले वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और उचित सहायता दिलाने की मांग की है।
