-शराब पार्टी में विवाद बना जानलेवा
डॉ. मंगलेश्वर त्रिपाठी / जौनपुर
बक्शा थाना क्षेत्र के मई गांव में सोमवार दोपहर 3 बजे शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने एक 20 वर्षीय युवक की जान ले ली। बाइक बनवाने आए युवक पर आधा दर्जन लोगों ने निर्माणाधीन मकान से बल्ली उठाकर सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना के बाद पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
मृतक की पहचान बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया/लेदुका गांव निवासी सुमित कुमार सिंह, पुत्र नीरज सिंह उर्फ गुड्डू, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुमित घर से 4 किमी दूर मई गांव अपनी बाइक बनवाने आया था। बाइक लेकर लौटते समय दरियावगंज रोड पर नहर के पास सरकारी शराब की दुकान के सामने उसके परिचितों की बर्थडे पार्टी चल रही थी। इसी दौरान सुमित का वहां मौजूद लोगों से विवाद शुरू हो गया, जो खूनी संघर्ष में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद शिवम गौतम, शनि गौतम सहित करीब आधा दर्जन लोगों ने समीप के निर्माणाधीन मकान से बल्ली उठाकर सुमित पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुमित को स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस से नौपेड़वा सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान सुमित ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, सीओ सदर परमानंद कुशवाहा, सीओ बदलापुर और थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक मृतक के पिता नीरज सिंह उर्फ गुड्डू की तरफ से तहरीर नहीं मिली है।
सवाल सिस्टम पर: दिनदहाड़े शराब की दुकान के सामने, नहर जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर आधा दर्जन लोग बल्ली लेकर हत्या कर दें और पुलिस बाद में पहुंचे, यह कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। मई गांव में शराब की दुकान के आसपास आए दिन विवाद की शिकायतें आती हैं। इसके बावजूद सुरक्षा इंतजाम नाकाफी हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के बाद ही मौत के असली कारण और धाराएं तय होंगी।
