मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई के फेवरेट वडा-पाव के भी वांदे...पेट्रोल के बाद भड़का ‘पाव’ का...

मुंबई के फेवरेट वडा-पाव के भी वांदे…पेट्रोल के बाद भड़का ‘पाव’ का भाव!.. लादी पर ५ रुपए दाम बढ़े

सुनील ओसवाल / मुंबई

महंगाई अब सीधे आम आदमी की थाली और सड़क किनारे मिलने वाले सस्ते नाश्ते तक पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल और दूध के बाद अब पाव-ब्रेड के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। मुंबई समेत महाराष्ट्र में आज से पाव की एक लादी पर ५ रुपए तक की बढ़ोतरी लागू हो गई है। इससे सबसे ज्यादा असर वडा-पाव, भाजी-पाव और मिसल-पाव जैसे लोकप्रिय खाद्य पदार्थों पर पड़ेगा।
ब्रेड कंपनियों का कहना है कि आयातित कच्चे माल की कीमत, पैकेजिंग खर्च, ट्रांसपोर्ट और डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोरी के कारण उत्पादन लागत तेजी से बढ़ी है। इसी वजह से कीमतें बढ़ाने का पैâसला लेना पड़ा।
पाव के साथ ही बढ़ गए सैंडविच ब्रेड के भी दाम!
महंगाई का असर अब गरीबों के भोजन ‘पाव’ पर भी पड़ा है। मॉडर्न ब्रेड ने सबसे पहले अपने कई उत्पादों के रेट बढ़ाए हैं। ४०० ग्राम सैंडविच ब्रेड अब ४० की जगह ४५ रुपए में मिलेगी। हेल्थ ब्रेड, मल्टीग्रेन और ब्राउन ब्रेड के दामों में भी ५-५ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। बाजार में संकेत हैं कि जल्द ही दूसरी कंपनियां भी दाम बढ़ा सकती हैं।
मुंबई के कई वडा-पाव विक्रेताओं ने साफ कहा है कि अगर पाव महंगा रहेगा तो वडा-पाव के दाम बढ़ाना मजबूरी होगी। यानी अब गरीब और मध्यमवर्ग का सबसे सस्ता और पसंदीदा नाश्ता भी जेब पर भारी पड़ने वाला है। पहले दूध महंगा हुआ, फिर पेट्रोल-डीजल और अब पाव-ब्रेड। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का बजट पूरी तरह हिला दिया है। विपक्ष ने भी इसे लेकर सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।

अन्य समाचार