मुख्यपृष्ठस्तंभमुस्लिम वर्ल्ड : अब ४८ घंटे का अल्टीमेटम फिर भयंकर जंग!

मुस्लिम वर्ल्ड : अब ४८ घंटे का अल्टीमेटम फिर भयंकर जंग!

-सूफी खान

ईरान ने अमेरिका को दो दिनों का अल्टीमेटम दे दिया है। गेंद अब अमेरिका के पाले में है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने अमेरिका को ४८ घंटे की समयसीमा दी है। ईरान की पेशकश है कि अगर अमेरिका सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने की शर्त मान लेता है तो ईरान अगले ४८ घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य खोल देगा। लेकिन अगर अमेरिका ऐसा नहीं करता है तो ईरान जबरदस्त जंग छेड़ देगा।
दरअसल, अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में ट्रंप की पार्टी की हार से ईरान बेहद खुश है। उसे एहसास है कि अमेरिकी जनता युद्ध के खिलाफ है और इजरायल के बहकावे में आकर अमेरिका ईरान के खिलाफ जंग में कूदा था। ऐसे में ईरानी विदेश मंत्री अरागची ने सोशल मीडिया पर बाकायदा लिख दिया है कि अब व्हाइट हाउस के लिए पैâसले की घड़ी है। हमारी ४८ घंटे वाली पेशकश अब भी कायम है। सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने की हमारी शर्तें मानिए और फिर नतीजे देखिए। अमेरिका ऐसा नहीं करता है तो उसे जंग का रास्ता चुनना होगा और हमारे सैन्य हमलों का सामना करना पड़ेगा। चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने भी माना था कि युद्ध का चुनावी नतीजों पर असर पड़ा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि जरूरत पड़ने पर वे दोबारा ईरान पर हमला करेंगे।
यही वजह है कि ईरान ने अपनी तरफ से एक बार फिर दो दिन यानी ४८ घंटे का अल्टीमेटम दिया है। अमेरिका अब भी संभल जाता है तो इसके कई फायदे होंगे। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि होर्मुज जलडमरूमध्य यानी दुनिया का सबसे अहम समुद्री रास्ता आसानी से खुल जाएगा। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन अब भी अपने रुख पर अड़ा हुआ है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को फ्लोरिडा में कहा कि ईरान की मांगें स्वीकार नहीं की जा सकतीं। कई देश दोनों के बीच बातचीत कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल किसी समझौते की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
दरअसल, ईरान की मांग है कि अमेरिका उस पर लगाए गए सभी कड़े प्रतिबंध तत्काल और पूरी तरह हटा दे। विदेशों में रोककर रखी गई या जब्त की गई ईरान की अरबों डॉलर की संपत्ति बिना किसी शर्त के जारी की जाए। ईरानी बंदरगाहों और उनके आसपास लगाए गए अमेरिकी नौसैनिक एवं हवाई प्रतिबंधों को पूरी तरह खत्म किया जाए। युद्ध के कारण ईरान को हुए आर्थिक और बुनियादी ढांचे के नुकसान की भरपाई अमेरिका करे। हालांकि, बाद में ईरान ने मुआवजे की यह शर्त छोड़ दी है। इसके अलावा, लेबनान, गाजा समेत पूरे पश्चिम एशिया में अमेरिका और उसके सहयोगियों के सैन्य अभियान तथा हमले बंद किए जाएं। ईरान स्पष्ट गारंटी चाहता है कि अमेरिका भविष्य में उस पर दोबारा कोई सैन्य हमला नहीं करेगा। इतना ही नहीं, वह अमेरिका के नेतृत्व वाले सुरक्षा ढांचे को समाप्त करने और ईरान के अधिकारों के साथ-साथ ‘होर्मुज मैकेनिज्म’ को मान्यता देने की भी मांग कर रहा है।

अन्य समाचार